नर्मदांचल के प्रसिद्ध संत शिरोमणि रामजीबाबा का मेला 1 से 10 फरवरी तक चलेगा। मेले की तैयारियों के लिए बुधवार को गुप्ता ग्राउंड में ले-आउट डालने का काम शुरू हुआ, लेकिन करीब 150 दुकानों और झूलों का स्थान बदलने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। दुकानदारों के भारी विरोध की खबर मिलते ही पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. सीताशरन शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों और नपा प्रतिनिधियों से स्पष्ट सवाल किया कि बिना ठोस वजह के बदलाव क्यों किया जा रहा है? फिलहाल ले-आउट को लेकर प्रशासन और नेताओं के बीच एक राय नहीं बन पाई है। बुधवार को जब नगर पालिका ने ले-आउट बदलने की प्रक्रिया शुरू की, तो दुकानदार विरोध पर उतर आए। दुकानदारों ने विधायक को अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि वे सालों से एक ही स्थान पर दुकान लगाते आ रहे हैं। इस बार जिस नई जगह पर उन्हें भेजा जा रहा है, वहां ग्राहक नहीं आएंगे, जिससे उनका भारी आर्थिक नुकसान होगा। उन्होंने मांग की कि उन्हें पुराने स्थान पर ही दुकान लगाने दी जाए। विधायक ने पूछा- चेंज क्यों कर रहे? नपाध्यक्ष पति बोले- जगह कम है मौके पर विधायक डॉ. शर्मा ने सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र प्रताप सिंह और नपाध्यक्ष पति महेंद्र यादव से कहा कि दुकानों का वितरण पुराने लेआउट के अनुसार ही होना चाहिए।
बंद कमरे में बैठक, पर नहीं निकला हल हंगामे के बीच अधिकारियों और नेताओं की बंद कमरे में कुछ देर बैठक भी हुई, लेकिन ले-आउट पर सहमति नहीं बन सकी। विधायक कक्ष से बाहर आ गए और सिटी मजिस्ट्रेट, तहसीलदार, सीएमओ और इंजीनियर से चर्चा की, लेकिन दुकानों और झूलों की जगह को लेकर कोई फाइनल निर्णय नहीं हो पाया। सिटी मजिस्ट्रेट थोड़ी देर बाद वहां से चले गए। बाद में इस विषय पर सर्किट हाउस में दोबारा मीटिंग बुलाई गई।


