वाराणसी के श्रीप्रकाश इंटर मीडिएट कालेज पयागपुर मातलदेही में शुक्रवार शाम एग्जाम के बाद हंगामा हो गया। कालेज में परीक्षा देने आए छात्रों ने स्वकेंद्र की छात्राओं को नकल कराने का विरोध कर दिया। इसके बाद कालेज में हो रही नकल को रुकवा दिया। कालेज के प्रबंधक पर परीक्षा को प्रभावित करने का आरोप लगाया। इससे आक्रोशित प्रबंधक ने परीक्षा के बाद दरवाजा बंद करवाकर शिक्षकों और कर्मचारियों से छात्रों की पिटाई करवाई। लाठी, डंडे लेकर कर्मचारियों ने छात्रों को जमकर पीटा। उन्हें चोटिल कर गेट खोलकर बाहर निकाला। पिटाई के बाद आक्रोशित छात्रों ने हंगामा कर दिया और चक्काजाम करते हुए कालेज प्रबंधक और शिक्षकों को पीटने की चेतावनी दी। इसके बाद कालेज ने फोन कर पुलिस को बुलाया लेकिन परीक्षार्थी हंगामा कर रहे हैं। वहीं छात्रों से सहमे छात्र देर रात तक कालेज से निकलने में डर रहे हैं। राजातालाब क्षेत्र में श्रीप्रकाश इंटर मीडिएट कालेज पयागपुर मातलदेही का संचालन केशव प्रसाद पटेल करते हैं। कालेज में रीता पटेल प्रधानाचार्य हैं। इंटरमीडिएट परीक्षाओं के लिए कालेज को यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्र में शामिल किया गया था। इस कालेज में दो स्कूलों अर्जुन प्रसाद इंटरमीडिएट कॉलेज खजुरी और महामना मालवीय इंटर कॉलेज बच्छाव के छात्र परीक्षाार्थियों का सेंटर आया था। इसके अलावा श्रीप्रकाश इंटर कालेज की छात्राएं इसी परिसर में स्वकेंद्र की परीक्षा दे रही हैं। शुक्रवार को अंग्रेजी की परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू हुई, जिसके कुछ बाद कालेज के शिक्षकों को छात्राओं को पेपर के सवालों का जवाब बताना शुरू कर दिया। छात्राओं के कक्ष में कई जवाब कागज पर लिखकर आने लगे, इसकी जानकारी जब पास के कक्ष में मिली तो छात्र बाहर आ गए। इन छात्रों ने कालेज परिसर में छात्राओं को नकल कराने का विरोध किया। निकल विहीन और पारदर्शी परीक्षा नहीं होने की बात कहकर शासन और अधिकारियों से शिकायत की चेतावनी दी । माहौल बिगड़ता देखकर कालेज ने नकल को रोक दिया और पेपर समापन का इंतजार करने लगे। शाम 5 बजे के बाद पेपर समाप्त होने के बाद कालेज प्रबंधन ने पहले कापी जमा होने में देरी लगाई फिर छात्रों को उनके कक्ष में बैठाए रखा। हर कक्ष में कापी जमा होने के बाद मुख्य गेट में ताला डालकर सभी छात्रों को उनके कमरे से बाहर निकाला। हाथों में डंडा लेकर खड़े शिक्षकों और कर्मचारियों ने गेट की ओर आने वाले छात्रों की पिटाई शुरू कर दी। डंडों के अलावा कई छात्रों को दौड़ाकर लात घूसों से पीटा। कुछ छात्रों को चोटें भी आई, इसके बाद सभी को बाहर कर गेट बंद कर लिया ।


