रायपुर। भाठागांव स्थित एक निजी अस्पताल में सोमवार को एक मरीज की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। परिजन, बजरंग दल व क्रांति सेना के कार्यकर्ता तख्ती लेकर अस्पताल के बाहर प्रदर्शन करते रहे।
वे अस्पताल पर इलाज में लापरवाही बरतने और अधिक बिल देने का आरोप लगा रहे थे।मृतक रामचरण वर्मा के बेटे राजकुमार ने अस्पताल पर अवैध वसूली का भी आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पेट दर्द की शिकायत के बाद उन्होंने अपने पिता को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया था।
डॉक्टराें ने तीन बार ऑपरेशन किया, जिससे उनकी हालत बिगड़ती गई। गले का भी ऑपरेशन किया गया। परिजनों के अनुसार आयुष्मान योजना के कार्ड से 2.71 लाख रुपए लिए गए। दवाइयों व इलाज के नाम पर 15 लाख रुपए मांगे गए। परिजनों की ओर से इसमें 10 लाख रुपए पटा दिए गए हैं। ऑपरेशन के नाम पर 5 लाख रुपए मांगे गए। राजकुमार का आरोप है कि उनके पिता की मौत नहीं, बल्कि हत्या हुई है।
वे इस मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से करेंगे। इस मामले में उर्मिला मेमोरियल अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. विनोद सिंह ने किसी लापरवाही से इनकार करते हुए कहा कि डेड बॉडी परिजनों को सौंप दी गई है। उन्होंने अवैध वसूली से इनकार करते हुए कहा कि अस्पताल की ओर से इलाज के पैसे लिए गए हैं।


