यूपी बोर्ड परीक्षा आज से शुरू:फिरोजाबाद में 107 केंद्रों पर 71,620 परीक्षार्थी होंगे शामिल

यूपी बोर्ड परीक्षा आज से शुरू:फिरोजाबाद में 107 केंद्रों पर 71,620 परीक्षार्थी होंगे शामिल

फिरोजाबाद जिले में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं बुधवार से शुरू हो रही हैं। इस वर्ष जिले के 107 परीक्षा केंद्रों पर कुल 71,620 परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्रशासन ने नकलविहीन और शांतिपूर्ण परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। एडीएम विशु राजा और डीआइओएस धीरेंद्र कुमार ने केंद्र व्यवस्थापकों, सह-व्यवस्थापकों और सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ ऑनलाइन बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीटिंग प्लान चस्पा कर दिया गया है। पहले दिन हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की हिंदी की परीक्षा अलग-अलग पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली सुबह 8 बजे से 11:15 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों और केंद्र व्यवस्थापकों को सुबह 6:30 बजे तक अपने-अपने केंद्रों पर पहुंच गए। प्रश्नपत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण में विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। जिले को जोन और 37 सेक्टर में विभाजित किया गया है। परीक्षा के लिए 107 स्टेटिक मजिस्ट्रेट और 3,350 कक्ष निरीक्षक तैनात किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में 600 से अधिक पुलिसकर्मी भी लगाए गए हैं। जिला कारागार में भी एक परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में धारा 163 लागू की गई है। ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग, मोबाइल, ब्लूटूथ और अन्य संचार उपकरण ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। सभी परीक्षा केंद्रों के एक किलोमीटर के दायरे में फोटोस्टेट की दुकानें बंद रहेंगी। निषेधाज्ञा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
परीक्षा केंद्र के भीतर केवल स्टेटिक मजिस्ट्रेट और प्रधानाचार्य के पास ही मोबाइल रखने की अनुमति होगी। अन्य किसी भी कार्मिक को मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं होगी। कार्मिकों को परीक्षार्थियों के साथ मित्रवत व्यवहार करने और दोनों पालियों में शौचालयों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षार्थियों के लिए मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ईयरफोन और ऐसे ज्योमेट्री बॉक्स जिन पर गणितीय सूत्र या अन्य जानकारी छपी हो, प्रतिबंधित किए हैं। जिले में कुल 71,620 परीक्षार्थियों में से 36,665 हाईस्कूल के और 34,955 इंटरमीडिएट के छात्र हैं। शिकोहाबाद, सिरसागंज, फिरोजाबाद, जसराना और टूंडला तहसीलों में ये परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *