नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर प्रयागराज से है। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को माघ मेला प्रशासन ने दूसरी नोटिस भेजने के साथ उनको बैन करने की चेतावनी दी है। वहीं, दूसरी खबर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंदा का नाम लिए बगैर सीएम योगी के बयान से जुड़ी है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, यूपी दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- अविमुक्तेश्वरानंद को चेतावनी- माघ मेले से बैन कर देंगे; प्रशासन ने भेजा दूसरा नोटिस प्रयागराज में प्रशासन ने अविमुक्तेश्वरानंद को 48 घंटे के अंदर दूसरा नोटिस भेज माघ मेले में बैन करने की चेतावनी दी है। कहा– जवाब दें, वरना जमीन वापस ले लेंगे। नोटिस में मौनी अमावस्या के दिन बैरियर तोड़ने और जबरन भीड़ में बग्घी घुसाने को लेकर सवाल किए हैं। शंकराचार्य ने कहा कि प्रशासन नोटिस-नोटिस खेल रहा। बसंत पंचमी स्नान पर कहा कि अभी मौनी अमावस्या का स्नान नहीं किया। पूरी खबर पढ़ें 2- योगी बोले- कई कालनेमि सनातन को कमजोर करने की साजिश रच रहे, सतर्क रहना होगा सीएम योगी ने शंकराचार्य विवाद पर पहली बार बयान दिया। उन्होंने हरियाणा में बिना अविमुक्तेश्वरानंद का नाम लिए बिना कहा-कालनेमि सनातन को कमजोर करने की साजिश रच रहे। कालनेमि राक्षस रावण का मामा था। वहीं, इस मामले में संत दो गुटों में बंट गए। पुरी के शंकराचार्य ने कहा- युद्ध को आमंत्रित करने जैसा काम किया गया। वहीं, रवींद्र पुरी बोले- योगी पर टिप्पणी करने वाला संत नहीं। पूरी खबर पढ़ें 3- योगी ने संगीत सोम को पीछे हटने का इशारा किया; पुलिस और बीजेपी नेता में झड़प मेरठ में सीएम योगी संगीत सोम से बोले- मंत्रीजी को आगे आने दो। पीछे हटने का इशारा किया। फिर राज्यमंत्री दिनेश खटीक को बगल में खड़ा किया गया। सीएम यूनिवर्सिटी का मॉडल देख रहे थे। थोड़ी देर पहले संगीत सोम पुलिसवालों पर भड़के। उन्होंने कहा- खुराक लिए बिना नहीं मानोगे क्या? दरअसल, कार्यक्रम में जाते वक्त पुलिसवालों ने रोका तो वह गुस्सा हो गए। अधिकारियों ने शांत कराया। पूरी खबर पढ़ें 4- कानपुर में ट्यूशन टीचर, बॉयफ्रेंड समेत 3 को उम्रकैद; 30 लाख की फिरौती के लिए हत्या कानपुर में ट्यूशन टीचर, बॉयफ्रेंड और दोस्त समेत 3 को उम्रकैद की सजा सुनाई गई। किडनैपिंग और हत्या का दोषी करार देते हुए कोर्ट ने कहा- तीनों को मरते दम तक जेल में रखा जाए। 30 अक्टूबर 2023 को हाईस्कूल के छात्र कुशाग्र की 30 लाख रुपए फिरौती के लिए हत्या हुई थी। मां सुनीता रोते हुए बोलीं- तीनों को फांसी होनी चाहिए। चाचा ने कहा- दोषियों को फांसी की सजा के लिए हाईकोर्ट जाएंगे। पूरी खबर पढ़ें 5- ब्रजेश पाठक बोले- राहुल गांधी की अब कहां शादी होगी; कोई जुगाड़ है क्या? हापुड़ में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने राहुल गांधी के लिए कहा- जब राहुल गांधी की शादी ही नहीं हुई है तो फिर कांग्रेस का अगला नेता कौन बनेगा? राहुल गांधी की इस उम्र में शादी कहां होगी, कोई जुगाड़ है क्या? हमारी सनातन संस्कृति में तो गढ़ के मेले में ऐसे लोगों को माला लेकर बैठा देते हैं। कहते हैं भैया राम नाम जप। अब तो कांग्रेस में प्रियंका गांधी के बेटे और बेटी में से कोई अगला नेता बनेगा। अब 8 अहम खबरें… 6- कानुपर में BJP प्रदेश अध्यक्ष का पॉवर शो; बैनर को लेकर भिड़े भाजपाई BJP प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पंकज चौधरी के कानपुर पहली बार पहुंचने पर जोरदार स्वागत हुआ। उन्होंने 20 km का रोड शो किया। जगह-जगह बुलडोजर पर खड़े कार्यकर्ताओं ने फूलों की बारिश की। रोड शो के दौरान मंच पर भाजपाई भिड़ गए। दरअसल, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के बैनर के ऊपर विधायक महेश त्रिवेदी का बैनर लगाया जा रहा था, इसको लेकर दोनों गुट आपस में भिड़ गए। पूरी खबर पढ़ें 7- राजा भैया की दोनों बेटियों के नाम वोटर लिस्ट से कटे; पत्नी की योगी से गुहार राजा भैया की दोनों बेटियों राघवी कुमारी और विजयराजेश्वरी कुमारी का नाम SIR में काट दिया गया है। कुंडा विधानसभा क्षेत्र की वोटर लिस्ट में नाम नहीं होने पर राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने आपत्ति दर्ज कराई है। उन्होंने सीएम योगी, प्रतापगढ़ डीएम और यूपी के मुख्य चुनाव अधिकारी को एक्स पर एक खुला पत्र भी पोस्ट किया है। उन्होंने पूछा- आखिर किसकी शह पर अधिकारी नाम काट रहे हैं। 8- मिर्जापुर में 50 हिंदू लड़कियों के अश्लील वीडियो बनाए; 5 जिम मालिक अरेस्ट मिर्जापुर में 50 हिंदू लड़कियों के AI से अश्लील वीडियो बनाकर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया। पुलिस ने इस सिलसिले में 5 जिम मालिकों को अरेस्ट किया। इनके खिलाफ 20 जनवरी को दो लड़कियों ने अलग-अलग तहरीर दी थी। 7 पर धर्मांतरण का केस किया गया है। एएसपी सिटी नितेश सिंह ने बताया कि 5 जिम मालिकों को अरेस्ट किया गया। इसमें 3 सगे भाई हैं तो चौथ उनका जीजा हैं। पूरी खबर पढ़ें 9- लखनऊ में मणिकर्णिका-संभल विवाद पर प्रदर्शन; सपाइयों को उल्टा टांगकर ले गई पुलिस लखनऊ में समाजवादी छात्र सभा और NSUI ने मणिकर्णिका घाट पर मंदिरों को तोड़ने और संभल मामले में CJI के ट्रांसफर को लेकर प्रदर्शन किया। पुलिस के साथ उनकी जमकर धक्का-मुक्की और नोकझोंक हुई। पुलिस प्रदर्शनकारियों को उल्टा टांगकर बस में ले गई। कई प्रदर्शनकारी के कपड़े फट गए। प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सरकार को संविधान और सनातन विरोधी बताया। पूरी खबर पढ़ें 10- शिवपाल का AIMIM से गठबंधन से इनकार; बोले- अकेले दम पर सपा सरकार बनाएगी शिवपाल यादव ने समाजवादी पार्टी का ओवैसी की पार्टी AIMIM से गठबंधन से इनकार किया है। उन्होंने कहा- सपा को AIMIM की जरूरत नहीं। हम 2027 का विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ेंगे। अकेले लड़कर पूर्ण बहुमत से सरकार भी बनाएंगे। सपा का एक-एक कार्यकर्ता अभी से चुनाव में जुट गया है। यूपी की जनता के दम पर हमारी सरकार बनने जा रही है। 11- बाराबंकी में बच्ची पर आवारा कुत्तों का हमला, 10 मिनट तक नोचते और घसीटते रहे बाराबंकी में 12 साल की बच्ची पर 6–7 आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। बच्ची रोती-चिल्लाती रही, वे करीब 10 मिनट तक उसे नोचते और घसीटते रहे। कुत्तों ने 100 से अधिक बार काटा। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडों से मारकर कुत्तों को भगाया। बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टर्स ने बताया- उसे पॉवरफुल एंटी-रैबीज इंजेक्शन की जरूरत। पूरी खबर पढ़ें 12- संभल के एक ही गांव में 4 लुटेरी दुल्हनें; 3 जेवर-कैश लेकर भागीं संभल में एक ही गांव में 4 लुटेरी दुल्हनों की शादी हुई। शादी के महज 3-4 दिन के अंदर ही तीन दुल्हनें जेवर-नगदी लेकर फरार हो गईं। जबकि चौथी दुल्हन भागने के पहले पकड़ ली गई। एक महिला ने चारों शादियां कराई थी। प्रत्येक शादी के लिए एक लाख रुपए भी लिए थे। अब पुलिस पकड़ी गई लुटेरी दुल्हन से पूछताछ कर रही है। साथ ही शादी कराने वाली महिला की तलाश पुलिस कर रही है। पूरी खबर पढ़ें 13- लखनऊ में EMT ट्रेनियों को खराब खाना, 25 स्वास्थ्यकर्मियों की हालत बिगड़ी लखनऊ में खराब खाना खाने से 25 स्वास्थ्य कर्मियों की तबीयत बिगड़ गई। उल्टी-दस्त और तेज बुखार के बाद उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया। दरअसल, एमसी सक्सेना ट्रेनिंग सेंटर में इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (EMT) की ट्रेनिंग चल रही है। ट्रेनिंग कर रहे स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि बुधवार रात में खाना खाने के बाद उन लोगों की तबीयत खराब हो गई। दवा बेअसर होने पर भर्ती कराया गया। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है… 14- युवक ने दो शादी की, पंचों ने तय किया किसके साथ कब रहना है रामपुर जिले में एक युवक ने दो शादी की तो उसकी पत्नियां साथ रहने के लिए भिड़ गईं। मुस्लिम युवक की शादी अरेंज हुई थी जबकि उसने दूसरी लव मैरिज की है। शुरुआत में सब ठीक रहा लेकिन बाद में दोनों में पति को साथ रखने की होड़ मच गई। झगड़ा शुरू हुआ तो पंचायत बैठी। पंचों ने एक टाइमटेबल तय किया। कहा-सोमवार, मंगल, बुध को पहली तो गुरु, शुक्र, शनि को दूसरी के साथ रहेगी। संडे छुट्टी रहेगी। कल क्या रहेगा खास 15- ब्लैकआउट मॉकड्रिल 23 जनवरी को यूपी के 75 जिलों में ब्लैकआउट मॉकड्रिल किया जाएगा। प्रमुख सचिव नागरिक सुरक्षा संयुक्ता समदर ने कहा- प्रदेश के सभी 75 जनपदों में शुक्रवार को शाम 6 बजे एक साथ ब्लैकआउट किया जाएगा। इससे साबित होगा कि यूपी हर चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह सक्षम है। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…


