यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:हमले में 7 गोली खाने वाले IAS का इस्तीफा, मायावती बोलीं- बसपा में माफिया की नो एंट्री, बच्चे को फ्रीजर में बंद किया

यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:हमले में 7 गोली खाने वाले IAS का इस्तीफा, मायावती बोलीं- बसपा में माफिया की नो एंट्री, बच्चे को फ्रीजर में बंद किया

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर उठक-बैठक करने वाले IAS रिंकू सिंह के इस्तीफे से जुड़ी है। वहीं, दूसरी खबर मायावती की लखनऊ में बैठक को लेकर है। चलिए, सिलसिलेवार तरीके से पढ़ते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1. उठक-बैठक करने वाले IAS का इस्तीफा, रिंकू सिंह बोले- सैलरी मिली, लेकिन काम नहीं यूपी के IAS अफसर रिंकू सिंह राही ने मंगलवार को नौकरी से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि संवैधानिक व्यवस्था के समानांतर (पैरलल) एक अलग सिस्टम चल रहा। सैलरी तो मिल रही , लेकिन जनसेवा का मौका नहीं। रिंकू को 8 महीने पहले शाहजहांपुर से हटाकर राजस्व परिषद भेजा गया था। तब से उन्हें फील्ड में पोस्टिंग नहीं मिली थी। पूरी खबर पढ़ें… 2. मायावती बोलीं- अपराधियों को पार्टी में एंट्री नहीं, 14 अप्रैल को लखनऊ में जुटेंगे 5 लाख बसपा कार्यकर्ता बसपा सुप्रीमो मायावती ने मंगलवार को लखनऊ में पार्टी कार्यालय में 250 नेताओं के साथ डेढ़ घंटे तक बैठक की। इसमें कहा कि पार्टी में अपराधियों को एंट्री नहीं मिलेगी। 14 अप्रैल को बाबा साहेब की जयंती पर प्रदेशभर से बसपा कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है। यह कार्यक्रम पिछले साल 9 अक्टूबर को कांशीराम के परिनिर्वाण पर आयोजित रैली की तरह होगा। पूरी खबर पढ़ें… 3. योगी की मां को अपशब्द कहने वाला मौलाना लंगड़ाते दिखा, माफी मांगते हुए बोला- गलती हो गई सीएम योगी की मां को अपशब्द कहने वाले मौलाना अब्दुल सालिम चतुर्वेदी को मंगलवार दोपहर बहराइच जेल भेज दिया गया। इस दौरान मौलाना लंगड़ाता और झुककर चलता दिखा। पुलिसकर्मी उसे सहारा देते नजर आए। उसने मुंह पर मास्क लगाया हुआ था। मौलाना ने हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए कहा- मैं सीएम और उनकी मां से दिल से माफी मांगता हूं। पूरी खबर पढ़ें… 4. पत्नी-दो बच्चों की हत्या कर फंदे पर लटका, मुजफ्फरनगर में बहन को ईदी देने पर हुआ झगड़ा मुजफ्फरनगर में मंगलवार सुबह एक ही परिवार के 4 लोगों के शव एक कमरे में मिले। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो पति फंदे पर लटका मिला। पत्नी जमीन और दोनों बच्चे फर्श पर पड़े थे। बेटा 2 साल का और बेटी 1 महीने की थी। घरवालों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच ईद के दूसरे दिन से झगड़ा चल रहा था। युवक ने अपनी बहन को ईदी में 1700 रुपए दे दिए थे। पूरी खबर पढ़ें… 5. कानपुर में MBA स्टूडेंट की किडनी बेची,10 लाख में फंसाया, 60 लाख में बेची; 5 डॉक्टर समेत 6 अरेस्ट कानपुर में एमबीए छात्र की किडनी 10 लाख रुपए में खरीद कर मरीज को 60 लाख रुपए में बेची गई। छात्र को 50 हजार रुपए कम दिए गए। इसके बाद उसने पुलिस को फोन कर मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने पर सोमवार देर रात पुलिस ने शहर के मेड लाइफ हॉस्पिटल, आहूजा हॉस्पिटल और प्रिया हॉस्पिटल में एक साथ छापेमारी की। पूरी खबर पढ़ें… अब 8 अहम खबरें… 6. आशुतोष महाराज ने मांगी न्याय यात्रा की अनुमति, संगम से शुरू कर वाराणसी में समापन शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ यौन उत्पीड़न का केस कराने वाले आशुतोष महाराज “सनातन न्याय यात्रा” निकालेंगे। आशुतोष महाराज ने अनुमति के लिए मुख्य सचिव (गृह), प्रमुख सचिव (गृह) के साथ ही उत्तर प्रदेश शासन को पत्र लिखा है। यह यात्रा संगम से शुरू होकर वाराणसी स्थित विद्या मठ पर समापन करने की तैयारी है। पूरी खबर पढ़ें… 7. प्रयागराज में दुल्हन जैसे सजकर निकले ट्रांसजेंडर्स, सड़क पर एक-दूसरे को किस किया प्रयागराज में ट्रांसजेंडर डे पर मंगलवार को पुरुष-महिला किन्नरों ने प्राइड परेड निकाली। दुल्हनों की तरह सजे-धजे सभी रंग-बिरंगे कपड़ों में थे। किसी ने चमकदार साड़ियां तो किसी ने लहंगा पहन रखा था। कुछ तो बीच सड़क पर एक-दूसरे को किस करते दिखे। परेड देखने के लिए राहगीर भी रुक गए। इस बीच ट्रांसजेंडर्स नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे। पूरी खबर पढ़ें… 8. MP के सीएम बोले- काशी का क्राउड मैनेजमेंट सिस्टम अच्छा, यूपी सरकार से 7 समझौते किए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे। यहां बाबा के दर्शन-पूजन किए। मोहन यादव ने मंदिर की SOP को समझा। उन्होंने कहा- काशी विश्वनाथ धाम का क्राउड मैनेजमेंट सिस्टम काफी अच्छा है। जिस तरह बाबा विश्वनाथ कॉरिडोर में भीड़ प्रबंधन हो रहा है। वैसा ही हम सिंहस्थ में भी चाहते हैं। इसके लिए एमओयू भी साइन किया है। पूरी खबर पढ़ें… 9. कानपुर यूनिवर्सिटी में गैंगरेप की कोशिश, प्रोफेसर की बेटी बोली- 3 लड़कों ने जबरदस्ती की कानपुर के छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में छात्रा से गैंगरेप की कोशिश की गई। छात्रा के मुताबिक, तीन लड़कों ने मेरे साथ क्लासरूम में छेड़छाड़ की। विरोध करने पर गैंगरेप की कोशिश की। मैं डिप्रेशन में हूं। कानपुर के ही दूसरे डिग्री कॉलेज में छात्रा के पिता प्रोफेसर हैं। छात्रा ने कुलपति और कुलसचिव के साथ ही पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराई है। पूरी खबर पढे़ं… 10. आगरा में भिड़े वकील और दरोगा, वकील ने कहा- ऐंठन थाने तक रखना, बहुत इज्जत कर ली आगरा में कोर्ट के बाहर वकील और दरोगा आपस में भिड़ गए। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। यह दो दिन पुराना बताया जा रहा है। वीडियो में वकील दरोगा से कहता दिख रहा है कि अपनी ऐंठन अपने थाने तक ही रखना। भैया-भैया बहुत कर लिया। बहुत इज्जत कर ली। वहीं, पुलिस का कहना है कि वकील ने बाद में माफी मांग ली है। पूरी खबर पढ़ें… 11. 7 साल के बच्चे को फ्रीजर में बंद किया, हापुड़ में दुकानदार बोला- दोबारा चोरी तो नहीं करोगे हापुड़ में चोरी के शक में दुकानदार ने 7 साल के बच्चे को डीप फ्रीजर में बंद कर दिया। करीब 2 मिनट तक बच्चा फ्रीजर में बंद रहा। इस दौरान लोगों के पूछने पर वह बच्चे को गालियां देता रहा। मामला धौलाना क्षेत्र के गांव शेखपुर खिचरा का है। बच्चे का मेडिकल कराया जा रहा है। दुकानदार का कहना है कि बच्चे चोरी कर रहे थे। सबक सिखाने के लिए ऐसा किया। पूरी खबर पढ़ें… 12. लखनऊ में गली में बैठे बछड़े पर चढ़ाई कार, अगला पहिया चढ़ने के बावजूद नहीं रोकी गाड़ी लखनऊ के बीकेटी इलाके में गली में बैठे बछड़े पर युवक ने वरना कार चढ़ा दी। इसका CCTV भी सामने आया है। युवक ने अपने दरवाजे पर कार बैक की। घुमाते हुए बछड़े को तेजी से रौंदते हुए निकल गया। पहले अगले फिर पिछले पहिये से रौंद जाने पर बछड़ा दो बार पलटकर उलटा हो गया। मोहल्ले वालों ने डॉक्टर को बुलाकर बेहोश बछड़े का इलाज कराया। पूरी खबर पढ़ें… 13. BJP विधायक अनिल सिंह का नागिन डांस, ढोलक-मंजीरे की थाप पर नाचे उन्नाव की पुरवा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक अनिल सिंह का नागिन डांस का वीडियो सामने आया है। इसमें विधायक कार्यकर्ताओं संग डांस करते दिख रहे हैं। ढोलक-मंजीरे की थाप पर नाच रहे विधायक अनिल सिंह के समर्थक तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ा रहे हैं। हालांकि, पड़ताल में यह वीडियो एडिटेड पाया गया है। इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। पूरी खबर पढ़ें… खबर जो हटकर है… 14. 18 महीने पहले मर चुकी महिला को बाल-विकास विभाग का नोटिस, बेटा बोला- स्वर्ग जाकर मां से पूछूंगा महोबा में 18 महीने पहले मर चुकी एक महिला को बाल विकास विभाग ने नोटिस जारी किया। इसमें महिला से अनुपस्थित रहने का कारण पूछा और नौकरी से निकालने की चेतावनी भी दी। महिला की बीमारी के कारण मौत हो चुकी है। वह आंगनबाड़ी केन्द्र में सहायिका के पद पर थी। महिला के बेटे ने कहा कि अब तो मां से स्वर्ग में ही जाकर इसकी वजह पूछूंगा। पूरी खबर पढ़ें… कल कैसा रहेगा मौसम… 15. पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना, पश्चिमी यूपी में ओले भी गिरेंगे कल 1 अप्रैल को मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। वहीं पश्चिमी यूपी के मेरठ, शामली और मुरादाबाद के आसपास के जिलों में आंधी के साथ ओले भी गिर सकते हैं। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *