Ahmedabad video … गुजरात में शुक्रवार को कई जिलों में बेमौसम बारिश दर्ज की गई। अहमदाबाद शहर में भी तेज हवा और बूंदाबांदी से मौसम में बदलाव आया। सौराष्ट्र के जामनगर, द्वारका, गिर सोमनाथ, उत्तर गुजरात के पाटण और बनासकांठा जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई। सबसे अधिक बरसात देवभूमि द्वारका जिले के कल्याणपुर और खंभालिया में दर्ज की गई। मौसम में यह बदलाव ऐसे समय में आया है जब खेतों में फसल तैयार खड़ी है। इस स्थिति में किसानों की चिंता बढ़ गई है।
राज्य में शुक्रवार को देवभूमि द्वारका की कल्याणपुर तहसील और गिर सोमनाथ जिले की पाटण-वेरावल तहसील में एक-एक इंच बारिश हुई। इसके अलावा भावनगर में 17 मिलीमीटर, खंभालिया में 16 मिमी, घोघा में 16 मिलीमीटर व अन्य कई तहसीलों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी भी हुई। जामनगर शहर में सुबह से ही घने बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। उधर, बनासकांठा जिलों के कुछ भाग में तेज आंधी के साथ जोरदार बारिश होने की खबर हैं।
अहमदाबाद में ओले भी गिरे
अहमदाबाद शहर में देर शाम को आंधी और बिजली की चमक के साथ कई जगहों पर बारिश हुई। शहर के मणिनगर, वस्त्राल सहित अनेक इलाकों में अचानक मौसम में बदलाव आया और बरसात हुई। अहमदाबाद शहर के कुछ इलाके और जिले की दस्क्रोई तहसील के भुवालडी क्षेत्र में ओेले भी गिरे।
फसलों में नुकसान की आशंका
इस बेमौसम बारिश से आम, जीरा , गेहूं जैसी फसलों को नुकसान होने की आशंका है। खेतों में खड़ी फसल और आम के बगीचों पर तेज हवा और ओलावृष्टि का खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में किसानों में चिंता की लहर है।
तापमान में आएगी कमी
मौसम विभाग के अनुसार मौसम में आए बदलाव के चलते शनिवार तक अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है। 7 अप्रेल को फिर से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण कच्छ और उत्तर गुजरात में हल्की बारिश की संभावना है।


