झाबुआ के थांदला रोड पर सोमवार देर शाम एक सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। वहीं वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, फुटतालाब निवासी विष्णु पुत्र लालिया डामोर अपनी बाइक से जा रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि विष्णु के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही थांदला रोड चौकी पर तैनात आरक्षक कैलाश डावर और संजय भूरा तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने घायल विष्णु को तत्काल थांदला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद, युवक की नाजुक हालत और सिर में गंभीर चोटों को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे देर रात ही जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। फिलहाल, पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है। क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने स्थानीय लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।


