महोबा जिले के चरखारी कस्बा क्षेत्र में कोठी तालाब में एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति का शव मिला है। होली खेल रहे बच्चों ने सबसे पहले शव को पानी में उतराते देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकाला। पुलिस ने शव की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। यह घटना होली के पर्व के दिन सामने आई। कस्बे के बच्चे तालाब किनारे होली खेल रहे थे, तभी उनकी नजर पानी में तैरते शव पर पड़ी। बच्चों ने तुरंत शोर मचाया और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। 6 तस्वीरें देखिए… स्थानीय निवासी रजत सिंह और सत्यम ने बताया कि शव देखते ही उन्होंने चरखारी कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला गया। मृतक की उम्र अधेड़ बताई जा रही है और उसने टी-शर्ट के ऊपर नीले रंग की चेकदार शर्ट पहनी हुई है। शव मिलने की खबर फैलते ही कोठी तालाब के किनारे लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस आसपास के लोगों और राहगीरों से पूछताछ कर रही है ताकि मृतक की पहचान हो सके। गुमशुदगी की रिपोर्टों से मिलान के लिए आसपास के गांवों और थानों में भी सूचना भेज दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।


