ममता कुलकर्णी पर केंद्रीय मंत्री का बयान:बोले- उनके असामाजिक तत्वों से रिश्ते जगजाहिर, बिहार में बनेगी NDA की सरकार

ममता कुलकर्णी पर केंद्रीय मंत्री का बयान:बोले- उनके असामाजिक तत्वों से रिश्ते जगजाहिर, बिहार में बनेगी NDA की सरकार

मुजफ्फरनगर के नवीन मंडी परिसर में आयोजित तीन दिवसीय कृषि मेले का समापन हुआ। केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री एस.पी. सिंह बघेल मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान, कृषि विशेषज्ञ और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री बघेल ने किसानों को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की कृषि कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने किसानों की आय दोगुनी करने के लिए नवीनतम तकनीकी उपायों पर जोर दिया। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने किसानों की स्थिति सुधारने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।इनमें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, कृषि यंत्रीकरण सब्सिडी और मिशन ऑर्गेनिक वैल्यू चेन डेवलपमेंट जैसी योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक खेती, फसल विविधीकरण, ड्रिप सिंचाई, जैविक खाद और डिजिटल कृषि ऐप्स का उपयोग करने की अपील की।मंत्री ने आश्वासन दिया कि इन उपायों से किसानों की आमदनी में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत बनेगी। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने कृषि उपकरण प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने स्टॉलों पर प्रदर्शित नवीन मशीनरी जैसे ट्रैक्टर, ड्रोन स्प्रेयर और सोलर पंप देखे और किसानों से सीधा संवाद किया। उन्होंने युवा किसानों को स्टार्टअप और एग्री-टेक इनोवेशन अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह मेला किसानों को आधुनिक तकनीक, बीज, खाद और बाजार लिंकेज से जोड़ने का एक सफल माध्यम बना। मीडिया से बातचीत में मंत्री बघेल ने बिहार विधानसभा चुनाव पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि बिहार में जनता का विश्वास एनडीए पर है, इसलिए वहां मजबूत सरकार बनेगी। ममता कुलकर्णी के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा, “ममता कुलकर्णी को किसी ने महामंडलेश्वर घोषित कर दिया, लेकिन उनके असामाजिक तत्वों से पुराने संबंध जगजाहिर हैं। ऐसे लोगों के बयान को गंभीरता से नहीं लेना चाहिए। दाऊद इब्राहिम मुंबई बम धमाकों का आरोपी और भारत विरोधी अपराधी है। उसके समर्थन में कोई बयान दे, सच्चाई नहीं बदलती। देश ऐसे व्यक्तियों को कोई महत्व नहीं देता।”कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने किसानों को आधुनिक खेती अपनाने का आह्वान किया और मेले को सफल बताते हुए आयोजकों की सराहना की।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *