केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को विदिशा प्रवास के दौरान पन्ना भैया से मुलाकात की। पन्ना भैया खजूर बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मंत्री चौहान ने उनके ठेले से खजूर खरीदे और स्वयं तौलकर भुगतान किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने पन्ना भैया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि उनसे मिलकर अपनापन महसूस हुआ। मंत्री ने पन्ना भैया की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि उनके हाथों में जीवन का संघर्ष झलकता है, लेकिन चेहरे पर आत्मसम्मान की मुस्कान प्रेरणादायी है। उन्होंने पन्ना भैया जैसे मेहनतकश लोगों को देश की असली ताकत बताया। मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्थानीय अधिकारियों को पन्ना भैया को मोटर ट्राई-साइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य उनकी आजीविका को आसान बनाना है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि पन्ना भैया को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी, ताकि उनका जीवन और अधिक सुगम बन सके।


