Union Budget 2026: बजट पर डोटासरा का CM भजनलाल पर निशाना, कहा- राजस्थान के लिए एक भी तोहफा ला नहीं सके

Union Budget 2026: बजट पर डोटासरा का CM भजनलाल पर निशाना, कहा- राजस्थान के लिए एक भी तोहफा ला नहीं सके

जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से संसद में पेश केन्द्रीय बजट 2026-27 को निराशाजनक बताते हुए कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रदेशवासियों को डबल इंजन सरकार बनने पर विकास का भरोसा दिलाया था, लेकिन इस बजट में राजस्थान के विकास के लिए कोई प्रावधान नहीं किया गया है।

डोटासरा ने केन्द्रीय बजट पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि इस बजट में न तो राजस्थान के लिए कोई घोषणा हुई है और न ही कोई राष्ट्रीय परियोजना प्रदेश को मिली है। किसी भी योजना के लिए विशेष पैकेज भी राजस्थान को नहीं दिया गया। ईआरसीपी जैसी महत्वाकांक्षी परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना घोषित नहीं किया जाना तथा जल जीवन मिशन के तहत कोई विशेष पैकेज नहीं मिलना, राजस्थानवासियों के साथ केन्द्र सरकार द्वारा किए गए सौतेले व्यवहार का बड़ा उदाहरण है।

वाहवाही लूटने की कोशिश

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2014 में किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन आज भी किसानों की आय बढ़ाने के लिए केवल थोथी घोषणाएं कर वाहवाही लूटने की कोशिश की जा रही है। इस बजट की घोषणाओं में भी राजस्थान के किसानों द्वारा उगाई जाने वाली फसलों और उत्पादों को शामिल नहीं कर प्रदेश के किसानों के हितों के साथ कुठाराघात किया गया है।

डोटासरा ने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में भी राजस्थान के लिए किसी प्रकार की राहतभरी घोषणा नहीं की गई है। जबकि राजस्थान में भरपूर सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर मौजूद है, इसके बावजूद बांसवाड़ा के मानगढ़ धाम सहित समस्त पुरातात्विक महत्व के स्थलों को पर्यटन हब की योजनाओं से वंचित रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश में बुलेट ट्रेन की घोषणा पहले ही कर चुके हैं और अब सात हाईस्पीड रेल कॉरिडोर बनाने की घोषणाएं की गई हैं, लेकिन हाईस्पीड रेल कॉरिडोर और फ्रेट कॉरिडोर से राजस्थान प्रदेश को पूरी तरह वंचित रखा गया है।

यह वीडियो भी देखें

गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को राहत नहीं

डोटासरा ने कहा कि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को महंगाई से राहत देने के लिए कोई ठोस उपाय नहीं किए गए हैं। युवाओं को रोजगार देने के लिए भी बजट में किसी प्रकार के प्रावधान नहीं किए गए। देश से निवेशक अपनी पूंजी निकाल रहे हैं, घरेलू बचत गिर रही है और बाजार में अस्थिरता का माहौल भय के साथ व्याप्त है। केन्द्र सरकार का यह बजट देश के सभी वर्गों को निराश करने वाला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दो वर्षों में कम से कम 60 बार दिल्ली जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद वे राजस्थान के लिए एक भी रुपया विशेष पैकेज के रूप में नहीं ला पाए। राजस्थान के लिए एक भी तोहफा नहीं ला सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *