बैतूल जिले के आमला नगर में रविवार को रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक की ट्रेन की चपेट में आने (गिरने) से मौत हो गई। यह घटना आमला स्टेशन से बैतूल की दिशा में पोल नंबर 874/9 के पास हुई है। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल आमला भेजकर मृतक की शिनाख्त और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, युवक का शव आमला रेलवे स्टेशन से बैतूल की ओर लगभग 150 मीटर दूर दोनों पटरियों के बीच पड़ा हुआ मिला। मृतक की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है। उसने कत्थई रंग की शर्ट और नीली जींस पहनी हुई थी। इसके साथ ही उसके हाथ में कलावा बंधा हुआ था। ट्रेन से गिरने के कारण युवक का चेहरा जख्मी हो गया है। घटनास्थल से बैग और टूटा मोबाइल बरामद जीआरपी पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान एक बैग और एक टूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद किया है। हालांकि, पुलिस को इन सामानों में पहचान संबंधी कोई भी दस्तावेज नहीं मिले हैं, जिससे फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और युवक की शिनाख्त करने के लगातार प्रयास जारी हैं। सुपरफास्ट ट्रेन से गिरने की आशंका प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि युवक किसी ट्रेन से गिरा होगा। बताया जा रहा है कि हादसे के समय आमला स्टेशन से दो सुपरफास्ट ट्रेनें गुजरी थीं। पुलिस का अनुमान है कि युवक इन्हीं दोनों में से किसी एक ट्रेन से नीचे गिरा होगा। फिलहाल जीआरपी ने इस मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच शुरू कर दी है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


