हाथरस के अलीगढ़ रोड स्थित सेंट फ्रांसिस कॉलेज में ‘मिशन शक्ति’ और ‘ऑपरेशन जागृति’ के तहत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ क्षेत्राधिकारी नगर योगेन्द्र कृष्ण नारायण और थाना हाथरस गेट के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राठी भी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान, छात्र-छात्राओं को एलईडी टीवी स्क्रीन पर नुक्कड़ नाटक दिखाकर जागरूक किया गया। इस नाटक के माध्यम से महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, व्यक्तिगत सुरक्षा और आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। छात्राओं को किसी भी संदिग्ध स्थिति में सतर्क रहने और समय पर मदद लेने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस विभाग बच्चों और युवाओं को उनकी सुरक्षा के प्रति लगातार जागरूक कर रहा है। उन्होंने बताया कि किसी भी परेशानी या आपात स्थिति में तुरंत डायल 112 पर कॉल किया जा सकता है। हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी महिला सुरक्षा से संबंधित शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर 181 और 1090 (वूमेन पावर लाइन) पर भी संपर्क करने की सलाह दी गई। कार्यक्रम के समापन पर, पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने उनकी शंकाओं का समाधान किया और उन्हें निर्भीक होकर अपनी समस्याओं को सामने रखने तथा अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।


