डिवाइडर तोड़ दूसरी लेन में घुसा बेकाबू कंटेनर:पत्नी और 6 साल के मासूम के सामने पति ने तोड़ा दम; बैतूल-नागपुर हाईवे पर हादसा

बैतूल-नागपुर नेशनल हाईवे पर रविवार को भीषण सड़क हादसा हुआ। मुल्ताई की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार कंटेनर अचानक अनियंत्रित हो गया और लगभग 10 फीट चौड़ा डिवाइडर तोड़ते हुए विपरीत दिशा की लेन में जा घुसा। इस खौफनाक हादसे में कंटेनर की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और 6 साल का बच्चा घायल हो गए। मृतक की पहचान नर्मदापुरम निवासी विकास राव के रूप में हुई है, जो पेशे से इलेक्ट्रिक मैकेनिक थे। रविवार को विकास अपनी पत्नी और छह साल के बच्चे के साथ बाइक पर सवार होकर मोहरखेड़ा में एक तेरहवीं के शोक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कंटेनर इतनी तेज रफ्तार में था कि वह डिवाइडर तोड़कर विपरीत दिशा से आ रही बाइक को अपनी चपेट में लेते हुए सड़क से काफी दूर एक खेत में जाकर पलट गया। पत्नी और मासूम बच्चा घायल, आंखों के सामने उजड़ा सुहाग
हादसे में विकास राव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गनीमत रही कि इस भयानक टक्कर में उनकी पत्नी और 6 साल के मासूम बच्चे की जान बच गई, लेकिन उन्हें भी चोटें आई हैं। आंखों के सामने पति को दम तोड़ता देख पत्नी सदमे में है। पुलिस ने दोनों घायलों को तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। डीजल रिसाव से मंडराया आग का खतरा
दुर्घटना के बाद खेत में पलटे कंटेनर से भारी मात्रा में डीजल का रिसाव होने लगा, जिससे वहां भीषण आग लगने का बड़ा खतरा पैदा हो गया था। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अंजना धुर्वे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एहतियात के तौर पर तुरंत पानी का टैंकर बुलवाया गया। पुलिस ने हालात पर काबू पा लिया है और क्रेन की मदद से कंटेनर को हटाने व हादसे के असल कारणों की जांच शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *