वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां एक बेकाबू कार ने राह चलते लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। यह घटना साजन तिराहे के पास हुई, जिसका पूरा मंजर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार तेज रफ्तार में थी और चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद सड़क किनारे चल रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में कुल चार लोग घायल हो गए जिनको इलाज हेतु अस्पताल भेजा गया। अब जानिए कौन हुए घायल घायलों की पहचान संजय गुप्ता उर्फ गुड्डू, पुत्र अमरनाथ गुप्ता, निवासी मिश्री बाजार, गाजीपुर तथा जाहुर अंसारी, पुत्र रज्जब अली, निवासी तुलसीसागर, पीर सागर, जिला गाजीपुर के रूप में हुई है। अन्य दो घायलों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही सिगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस मुकदमा दर्ज कर कार चालक की तलाश में जुटी पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार कार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। वहीं, घायलों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। चालक की तलाश के लिए काशी विद्यापीठ चौंकी प्रभारी की टीम को लगाया गया है।


