देवरिया जिले के बनकटा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में चालक समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, यह घटना महुवई गांव के पास पटेल चौराहा के समीप हुई। कार बनकटा से सोहनपुर की ओर जा रही थी, तभी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग अंदर फंस गए। देखें, हादसे की 5 तस्वीरें…
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों की सहायता से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी की गंभीर हालत को देखते हुए महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घायलों की पहचान नीतिश सिंह, विक्की सिंह, गोलू मिश्रा, सिक्की मिश्रा और सत्यम के रूप में हुई है। सभी घायलों का महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। स्थानीय लोगों ने सोहनपुर मार्ग पर यातायात नियंत्रण और सुरक्षा उपायों को बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।


