भांजी को घुमाने ले गया मामा, हत्या कर सड़क पर फेंका शव

भांजी को घुमाने ले गया मामा, हत्या कर सड़क पर फेंका शव

गाजियाबाद से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक मामा ने अपनी ही 4 साल की मासूम भांजी की हत्या कर दी। इसके बाद शव को सड़क पर फेंक दिया। परिजनों ने हत्या से पहले दुष्कर्म की भी आशंका जताई है। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

घुमाने के बहाने साथ ले गया था मामा

घटना गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र की है। आरोपी मामा मूल रूप से मुजफ्फरनगर के सिसौली का रहने वाला है। वह किराए पर रहकर मजदूरी करता था। शनिवार दोपहर करीब 1 बजे वह अपनी बहन के घर पहुंचा। उसने अपनी 4 साल की भांजी को घुमाने की बात कही और उसे अपने साथ ले गया। परिजनों ने अपने सगे रिश्तेदार पर भरोसा करते हुए बच्ची को उसके साथ भेज दिया।

झूठ बोलकर परिजनों को करता रहा गुमराह

शाम होने के बाद भी जब मासूम घर नहीं लौटी, तो पिता परेशान होकर साले के कमरे पर पहुंचे। वहां बच्ची मौजूद नहीं थी। जब उससे पूछा गया तो उसने कहा कि बच्ची को घर के बाहर ही छोड़कर आ गया था। इसके बाद परिजनों ने आसपास के इलाके में बच्ची की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। अनहोनी की आशंका के चलते परिवार ने तुरंत टीला मोड़ थाने में शिकायत दर्ज कराई।

80 फुटा रोड पर मिला मासूम का शव

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आसपास के थानों को सूचना दी और बच्ची की तलाश शुरू की। शनिवार देर रात पुलिस को बीकानेर 80 फुटा रोड पर एक बच्ची का शव पड़े होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब शिनाख्त की तो वह वही 4 साल की बच्ची निकली जो दोपहर से लापता थी।

रेप के बाद हत्या की आशंका, आरोपी फरार

मासूम के पिता का आरोप है कि उनके साले ने बच्ची के साथ पहले दुष्कर्म किया और फिर पकड़े जाने के डर से गला दबाकर उसकी जान ले ली। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह और दुष्कर्म की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। फिलहाल आरोपी मामा वारदात के बाद से ही फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *