रूस ने सोमवार को आरोप लगाया कि यूक्रेन ने नोवगोरोड में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सरकारी आवास पर हमला करने की कोशिश की। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के मुताबिक यूक्रेन ने 28 और 29 दिसंबर की रात 91 ड्रोन से हमला किया, जिसे रूस के एयर डिफेंस सिस्टम ने नाकाम कर दिया। लावरोव ने चेतावनी दी कि हमले का जवाब दिया जाएगा। उन्होंने इस हमले को आतंकवाद करार दिया। दूसरी तरफ यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने इस आरोप को पूरी तरह झूठा और मनगढंत बताया। उन्होंने कहा कि रूस हम पर हमला करने का बहाना खोज रहा है। उसका मकसद कीव में सरकारी इमारतों पर हमला करना है। हालांकि यह साफ नहीं हो पाया है कि हमले के वक्त पुतिन नोवगोरोड स्थित घर पर थे या नहीं। रूस की तरफ से फिलहाल हमले का कोई वीडियो भी रिलीज नहीं किया गया है। जेलेंस्की बोले- हम पर हमले के लिए कहानी बनाई यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि पुतिन के घर पर हमले की कहानी सिर्फ कीव पर हमला करने और उन्हें सही ठहराने के लिए बनाई गई है। जेलेंस्की ने X पर पोस्ट कर कहा कि रूस खुद युद्ध खत्म करने के लिए जरूरी कदम उठाने से इनकार कर रहा है, जबकि यूक्रेन हमेशा कूटनीतिक रास्ते पर कायम है। उन्होंने कहा, हम दुनिया को चुप नहीं रहने देंगे और रूस को स्थायी शांति के प्रयासों को कमजोर करने की परमिशन नहीं देंगे। उन्होंने यूक्रेन ने यह भी कहा कि रूस ने पहले भी बहाना बनाकर कीव और मंत्रिपरिषद की इमारतों को निशाना बनाया है। रूसी मंत्री बोले- पलटवार का वक्त और टारगेट तय रूसी विदेश मंत्री लावरोव ने कहा कि पुतिन के सरकारी आवास पर हमले के बाद रूस ने यूक्रेन पर पलटवार के लिए समय और लक्ष्य तय कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि रूस अपनी प्रतिष्ठा की रक्षा करेगा। रूस के विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव के मुताबिक, पुतिन ने यूक्रेन के हमले की जानकारी ट्रम्प को सोमवार को फोन पर दी। राष्ट्रपति ट्रम्प इस खबर से शॉक्ड थे। यह खबर हम लगातार अपडेट कर रहे हैं…
यूक्रेन का पुतिन के घर पर 91 ड्रोन से हमला:रूस का दावा- सभी मार गिराए; जेलेंस्की बोले- यह झूठ, हम पर हमला करने का बहाना


