भास्कर संवाददाता | उज्जैन पछुआ जेट स्ट्रीम चलने के बाद भी प्रदेश के पांच सबसे गर्म शहरों में उज्जैन शामिल रहा। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को उपोष्ण पछुआ जेट स्ट्रीम बह रही है। यही कारण है कि मैदानी क्षेत्रों में कहीं सर्दी तो कहीं तपन महसूस होने लगी है। शासकीय जीवाजी वेधशाला के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री रहा जो कि शुक्रवार के अधिकतम तापमान 29.5 से एक डिग्री कम रहा। शनिवार को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री रहा जो शुक्रवार के न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री से 0.8 डिग्री ज्यादा है। प्रदेश के पांच सबसे ज्यादा गर्म शहरों में खरगोन 31.2 डिग्री, बड़वानी 29.5, सीहोर 29.4, रतलाम 29.2 और उज्जैन 28.5 डिग्री रहा। एक नया पश्चिमी विक्षोभ 9 फरवरी से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है।


