जयपुर में यूडी टैक्स वसूली तेज: मैरियट और रमाडा समेत कई संपत्तियां कुर्क, करोड़ों की बकाया राशि वसूली

जयपुर में यूडी टैक्स वसूली तेज: मैरियट और रमाडा समेत कई संपत्तियां कुर्क, करोड़ों की बकाया राशि वसूली

जयपुर। नगरीय विकास कर (यूडी टैक्स) की वसूली को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए सोमवार को बड़े बकाएदारों पर कार्रवाई की। शहर के अलग-अलग जोनों में अभियान चलाकर कई प्रमुख संपत्तियों को कुर्क किया गया। कार्रवाई के दबाव में होटल कारोबारियों सहित कई संपत्ति धारकों ने मौके पर ही बकाया राशि जमा कराई।

मालवीय नगर जोन में निगम की टीम ने होटल मैरियट, होटल रमाडा और होटल जेएसके सहित कुल आठ संपत्तियों को कुर्क किया। अधिकारियों के अनुसार होटल मैरियट पर करीब 2.21 करोड़ रुपए और रमाडा पर 48 लाख रुपए का यूडी टैक्स बकाया था। राजस्व अधिकारी पवन मीणा ने बताया कि निगम की कार्रवाई के बाद दोनों होटलों ने छूट योजना का लाभ लेते हुए महज दो घंटे के भीतर पूरी बकाया राशि जमा करा दी। इसके बाद दोनों संपत्तियों को कुर्की से मुक्त कर दिया गया।

वहीं, सिविल लाइन्स जोन में भी निगम ने सख्ती दिखाते हुए छह संपत्तियों को कुर्क किया। यहां एनबीसी कैंपस स्थित नेशनल इंजीनियरिंग इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के रिट्रीट प्लांट, क्रिकेट ग्राउंड और गेस्ट हाउस पर कार्रवाई की गई। राजस्व अ​धिकारी प्रशांत लखन ने बताया कि इन संपत्तियों पर करीब 2.44 करोड़ रुपए का बकाया यूडी टैक्स लंबित है। कार्रवाई के दौरान दो संपत्ति धारकों ने मौके पर ही 6.58 लाख रुपए जमा कराए।

मानसरोवर जोन में सात संपत्तियों पर कार्रवाई की गई, जिन पर 23 लाख रुपए से अधिक का बकाया था। निगम की सख्ती के बाद तीन संपत्ति धारकों ने 5.79 लाख रुपए तुरंत जमा कराए, जिसके बाद उनकी संपत्तियों को मुक्त कर दिया गया।

नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि यूडी टैक्स की वसूली के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा और बड़ेबकाएदारों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी। निगम ने साफ किया है कि जो भी संपत्ति धारक समय पर टैक्स जमा नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कुर्की जैसी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *