मौसम का यू-टर्न: कड़ाके की ठंड के बाद बारिश का अलर्ट, जानें आपके जिले का हाल

मौसम का यू-टर्न: कड़ाके की ठंड के बाद बारिश का अलर्ट, जानें आपके जिले का हाल

महाराष्ट्र में मौसम का मिजाज एक बार फिर तेजी से बदल रहा है। पिछले कुछ हफ्तों से हाड़ कंपाने वाली ठंड का सामना कर रहे महाराष्ट्र के लिए अब ‘यलो अलर्ट’ जारी किया गया है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण नमी वाली हवाएं सक्रिय हो गई हैं, जिससे राज्य के कई हिस्सों में बेमौसम बारिश ने दस्तक दी है। मुंबई और उसके आसपास के इलाकों ठाणे, रायगढ़ में आज सुबह अचानक हुई बूंदाबांदी ने सबको चौंका दिया।

6 जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग (IMD) ने मराठवाड़ा और उत्तर महाराष्ट्र के कुल 6 जिलों के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। 27 और 28 जनवरी को इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है। आईएमडी के अनुसार, मराठवाड़ा के छत्रपति संभाजीनगर, जालना, बीड, परभणी, नांदेड और लातूर में बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। जबकि उत्तर महाराष्ट्र के नासिक, धुले, जलगांव और नंदुरबार में दिनभर बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है।

मुंबई और कोंकण में सुबह-सुबह बरसे बादल

कोंकण और मुंबई क्षेत्र में भी मौसम बदला-बदला नजर आ रहा है। रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग के साथ मुंबई-ठाणे इलाके में सुबह हल्का धुंध और कहीं-कहीं बारिश की फुहारें देखी गईं। दोपहर में मुंबई का आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। तटीय इलाकों में मध्यम से तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ जगहों पर हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। मुंबई में अधिकतम तापमान 28 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। जबकि तटीय इलाकों में मध्यम से तेज हवाएं चलने की भविष्यवाणी की गई है।

क्यों बदल रहा है मौसम?

महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों में मौसम करवट ले रहा है। यह साफ संकेत दे रहा है कि सर्दी अब अपने आखिरी दौर में है। पश्चिम महाराष्ट्र के पुणे, सातारा, सांगली, कोल्हापुर और सोलापूर जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा, हालांकि दोपहर के बाद यहां तापमान में बढ़ोतरी होने से गर्मी महसूस होगी। यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है। वहीं, कोंकण और मुंबई के तटीय इलाकों में सुबह के समय हल्का कोहरा और छिटपुट बारिश देखी जा सकती है, जहां न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। विदर्भ के नागपुर, अमरावती और अकोला जैसे जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ चुनिंदा स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है, जिससे उमस भरी गर्मी का अहसास हो सकता है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र (Low Pressure Area) के कारण हवा में नमी बढ़ गई है। इसकी वजह से न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है, जिससे गुलाबी ठंड तो कम हो गई है, लेकिन उमस और बादलों की मौजूदगी बढ़ गई है। अगले 24 घंटों तक राज्य में ऐसी ही धुंधली और नम स्थिति बनी रहने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *