मंडला-निवास मार्ग पर बीती रात एक सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना निवास थाना क्षेत्र के देव डोंगरी मोड़ के पास हुई। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक पिपरिया मड़ई मेला देखकर अपने गांव ददरगांव लौट रहे थे। देव डोंगरी मोड़ के पास उनकी बाइक बेकाबू होकर सड़क किनारे एक पत्थर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे का शिकार हुए युवकों की पहचान दीपक यादव और शिवकुमार यादव के रूप में हुई है। वे दोनों ग्राम ददरगांव के निवासी थे। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। निवास थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


