बिधनू थाना क्षेत्र के ओरियारा गांव में एक युवक ने बहन के घर में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के समय घर में वह अकेला था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य शादी समारोह में गए थे। देर रात शव फंदे से लटका देख परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मूलरूप से देवघर के रहने वाले 20 वर्षीय गणेश यादव पिछले एक वर्ष से बिधनू के ओरियारा में अपनी बहन पम्मी के घर रह रहा था। वह एक रंग फैक्ट्री में काम करता था। उसके पिता पूरण यादव और बड़ा भाई मुकेश देवघर में ही रहते हैं। पम्मी के देवर रोशन यादव ने बताया कि परिवार में भतीजी की शादी थी, जिसमें शामिल होने के लिए सभी लोग गए थे। शाम को गणेश से कहा गया कि वह बहन को गेस्ट हाउस छोड़ आए, लेकिन उसने निमंत्रण न होने की बात कहकर जाने से मना कर दिया। इसके बाद परिवार के लोग शादी में चले गए और गणेश घर पर अकेला रह गया। रात करीब सवा दस बजे रोशन जब उसके लिए खाना लेकर घर पहुंचे तो गणेश का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी भी पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बिधनू थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है, रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। चकेरी में बीमारी से परेशान इलेक्ट्रीशियन ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान चकेरी थाना क्षेत्र के मंगलाविहार निवासी 54 वर्षीय अखिलेश कुमार शुक्ला इलेक्ट्रीशियन का काम करते थे। परिवार में पत्नी पुष्पा और दो बेटे अभिषेक व अनिकेत हैं। परिजनों के अनुसार अखिलेश पिछले करीब छह माह से अस्वस्थ चल रहे थे। उन्हें खांसी में राहत नहीं मिल रही थी, जिससे वह मानसिक तनाव में रहने लगे थे। देर शाम वह घर से निकले और रेलवे लाइन पर पहुंचकर ट्रेन के आगे कूद गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।


