शनिवार को पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने रविशंकर स्टेडियम के पीछे चैनल गेट के पास से दो युवकों को अवैध नशीली टेबलेट के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 98 हजार 200 रुपए की नशीली दवाइयां, मोबाइल फोन, नगदी और एक मोटर साइकिल जब्त की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 3 अप्रैल को पद्मनाभपुर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रविशंकर स्टेडियम के पीछे चैनल गेट के पास दो युवक नशीली टेबलेट लेकर ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बरामद हुई। तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों के पास से 97 नग एन-जेडईपी 10 नाइट्राजेपाम टेबलेट, 10 नग अल्फा 0.5 टेबलेट, दो मोबाइल फोन, 400 रुपए नगद और एक एवेंजर मोटर साइकिल मिली। सभी सामान को जब्त कर लिया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 98 हजार 200 रुपए बताई जा रही है। लंबे समय से कर रहे थे व्यापार
पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुलशन कौशल (29 वर्ष) निवासी कसारीडीह गुरुघासी दास वार्ड, थाना पद्मनाभपुर और सुमित भोई (34 वर्ष) निवासी बांसपारा, थाना मोहन नगर के रूप में हुई है। दोनों लंबे समय से नशीली टेबलेट बेचने की कोशिश कर रहे थे और अवैध कमाई के लिए ग्राहकों की तलाश में थे। इससे पहले भी वो कई बार इस कृत्य को कर चुके हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है कि ये नशीली दवाइयां कहां से लाई गई थीं और किन लोगों को बेचने की तैयारी थी।


