मथुरा के मगोर्रा थाना क्षेत्र में जाजम पट्टी चौराहा के पास एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब दोनों युवक एक सगाई समारोह से लौट रहे थे। मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, राजस्थान के भरतपुर जिले के रूपवास निवासी धारा सिंह पुत्र भगवान सिंह और अनूप पुत्र सुखीराम मथुरा में एक सगाई समारोह में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों अपनी बाइक से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान तारसी चौराहा के समीप तेज रफ्तार से आ रही एक बोलोरो गाड़ी ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। थाना हाईवे पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान धारा सिंह ने दम तोड़ दिया। वहीं, अनूप की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जयपुर रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दुर्घटना में शामिल बोलोरो वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है।


