हरियाणा के नारनौल के दो युवाओं ने यूपीएससी क्वालिफाई किया है। इनमें से एक युवा दिव्यांग हैं। जिन्होंने ऑल इंडिया में 237 वी रैंक हासिल की है। वहीं दूसरे युवा ने ऑल इंडिया 750 वी रैंक हासिल की है। दोनों युवाओं के पिता मेहनत मजदूरी करते हैं। गांव खटोटी निवासी दिव्यांग नितेश कुमार ने पीडब्ल्यूडी वन कोटे से हिंदी साहित्य विषय में यूपीएससी क्वालिफाई किया है। नितेश पढ़ाई में शुरू से ही होशियार रहे हैं। उन्होंने दसवीं सरकारी स्कूल खटोटी, बारहवीं सीएल स्कूल नारनौल तथा पीजी कृष्ण नगर कॉलेज से की। इसके बाद पीजी नारनौल कॉलेज से की। वहीं वे पांच साल से यूपीएससी की तैयारी में जुटे। नितेश के भाई पियूष ने बताया कि नितेश पहले भी इंटरव्यू तक जा चुके हैं। उन्होंने पांचवे प्रयास में इस सफलता को हासिल किया। नितेश के पिता श्रद्धानंद किसान हैं तथा मां गृहणी। उनको यूपीएससी में जाने की प्रेरणा ताऊ हीरानंद से मिली। वहीं दूसरी ओर शहर के मोहल्ला माली टिब्बा निवासी करण उर्फ मोहित यादव ने तीसरे प्रयास में यूपीएससी क्वालिफाई किया है। मोहित के पिता वेल्डिंग का काम करते हैं। वहीं मां गृहणी हैं। मोहित ने तीसरे प्रयास में यह परीक्षा पास कर 750 वी रैंक हासिल की है। माेहित ने दसवीं व बारहवीं एचपीएस स्कूल से पास की। जिसके बाद वे दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रहे हैं।


