ग्वालियर के मोहना थाना पुलिस ने चोरी की बाइक ठिकाने लगाने आए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे कुछ ही सेकंड में वाहनों का लॉक तोड़ देते थे और पलक झपकते ही बाइक चोरी कर ले जाते थे। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद चार चोरी की बाइक बरामद की हैं। वहीं आरोपियों ने दो दर्जन से अधिक वाहन चोरी की वारदातें कबूल की हैं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से विस्तृत पूछताछ कर रही है। घाटीगांव सर्कल के एसडीओपी शैलेंद्र शर्मा को सूचना मिली थी कि दो वाहन चोर चोरी के वाहन बेचने के लिए मोहना क्षेत्र में आने वाले हैं। इस सूचना पर थाना प्रभारी मोहना रशीद खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की। जैसे ही मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के दो युवक चोरी की बाइक ठिकाने लगाने पहुंचे, पुलिस ने उन्हें घेर लिया। खुद को पुलिस से घिरा देखकर दोनों आरोपियों ने बाइक छोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की घेराबंदी के चलते वे फरार नहीं हो सके। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उनकी पहचान 27 वर्षीय आकाश पुत्र गिर्राज परिहार, निवासी शिवहरे कॉलोनी मोहना, और 22 वर्षीय इरफान उर्फ पानी पुत्र शफीक मोहम्मद, निवासी वैभलपुर कॉलोनी, मेला ग्राउंड मोहना, के रूप में हुई। आरोपियों के कब्जे से एक बिना नंबर की बजाज डिस्कवर और एक बिना नंबर की प्लेटिना बाइक बरामद की गई, जो चोरी की निकलीं। पूछताछ के बाद दो अन्य चोरी की बाइक भी बरामद हुईं। इस तरह पुलिस ने कुल चार चोरी की बाइक जब्त की हैं। पुलिस के अनुसार, ये बाइकें मोहना, चीनौर और पड़ाव थाना क्षेत्र से चोरी की गई थीं। इस मामले में थाना प्रभारी मोहना रशीद खान ने बताया- चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से चोरी की चार बाइक बरामद की गई हैं। इनमें से दो बाइक पड़ाव थाना क्षेत्र, जबकि एक-एक बाइक चीनौर और मोहना थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। आरोपियों से आगे की पूछताछ की जा रही है।


