अयोध्या में गेहूं की मड़ाई करते दो ट्रैक्टर जले:फायरब्रिगेड ने आग बुझाई, पुलिस टीम जांच में जुटी

अयोध्या में गेहूं की मड़ाई करते दो ट्रैक्टर जले:फायरब्रिगेड ने आग बुझाई, पुलिस टीम जांच में जुटी

अयोध्या जिले के बीकापुर क्षेत्र में गेहूं की मड़ाई कर रहे एक किसान के दो ट्रैक्टरों में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। इस घटना में दोनों ट्रैक्टर पूरी तरह जलकर राख हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इनायतनगर थाना क्षेत्र के चदीपुर नगहरा मगन का पुरवा निवासी बुद्धू यादव अपने दोनों ट्रैक्टरों को पड़ोसी गांव धरेठा दशरथपुर के एक खेत में गेहूं की मड़ाई और भूसा निकालने के लिए ले गए थे। बीती रात लगभग 12 बजे, बुद्धू यादव कुछ समय के लिए ट्रैक्टर खेत में ही छोड़कर पानी पीने अपने घर चले गए थे। इसी दौरान अचानक दोनों ट्रैक्टरों में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। जब तक आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई, तब तक दोनों ट्रैक्टर धू-धू कर जलने लगे थे। मौके पर ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हुए और आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि स्थानीय प्रयास नाकाफी साबित हुए। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दोनों ट्रैक्टर पूरी तरह जल चुके थे, जिससे किसान बुद्धू यादव को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना के संबंध में ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। आशंका व्यक्त की जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जानबूझकर ट्रैक्टरों में आग लगाई गई हो सकती है। पीड़ित किसान बुद्धू यादव ने इस संबंध में कोतवाली बीकापुर में शिकायत दर्ज कराई है। कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आग लगने के कारणों का पता लगाया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *