लुधियाना के न्यू कुंदनपुरी इलाके में एक डेयरी में चोरी की वारदात हुई है। नकाबपोश दो चोरों ने दुकान में घुसकर नकदी और अन्य सामान चुरा लिया। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। डेयरी की मालिक लता जैन ने बताया कि वह रोजाना शाम को दुकान खोलती हैं। बुधवार शाम जब वह दुकान पर पहुंचीं, तो शटर पर ताला नहीं था और दुकान का सारा सामान बिखरा हुआ था। मंदिर के पैसे भी ले गए चोर लता जैन ने तुरंत अपने बेटे अंकुश जैन को घटना की जानकारी दी और कैलाश चौकी में सूचित किया। उन्होंने बताया कि चोर मंदिर के पैसे भी ले गए हैं और करीब 12 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि दो नकाबपोश चोर एक्टिवा पर आए और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। फुटेज में चोरों की गतिविधियां साफ दिख रही हैं। कैलाश चौकी इंचार्ज एएसआई परमजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को घटना की शिकायत मिल गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।


