मिर्जापुर के डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल के दो प्रतिभाशाली स्काउट्स कुबेर गुप्ता और रुद्रांश जायसवाल का चयन राज्य पुरस्कार के लिए किया गया है। इस उपलब्धि से विद्यालय और जनपद का नाम गौरवान्वित हुआ है। प्रादेशिक मुख्यालय भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, लखनऊ के तत्वावधान में अप्रैल 2025 में जनपद सोनभद्र के श्रीरामकेश सिंह इंटर कॉलेज, पुरना घोरावल में पांच दिवसीय राज्य पुरस्कार जांच शिविर आयोजित किया गया था। इस शिविर में दोनों स्काउट्स ने अनुशासन, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और दक्षता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। टीमवर्क और सेवा कार्यों में सक्रिय सहभागिता शिविर के दौरान विभिन्न शारीरिक, बौद्धिक एवं सामाजिक सेवा से संबंधित परीक्षणों के माध्यम से प्रतिभागियों की योग्यता का मूल्यांकन किया गया। कुबेर गुप्ता और रुद्रांश जायसवाल ने सभी चरणों को सफलतापूर्वक पूरा किया। यह सफलता डिस्ट्रिक्ट को-ऑर्डिनेटर सीबीएसई स्काउट कृष्ण मोहन शुक्ला और राष्ट्रपति पुरस्कृत स्काउट शिक्षक संजय कुमार के कुशल मार्गदर्शन में प्राप्त हुई है। प्रशिक्षकों ने बताया कि दोनों स्काउट्स ने शिविर के दौरान अनुकरणीय अनुशासन, टीमवर्क और सेवा कार्यों में सक्रिय सहभागिता दिखाते हुए अपनी अलग पहचान बनाई। अनुशासन और राष्ट्रभक्ति में प्रतिबद्धता का प्रमाण राज्य पुरस्कार के लिए चयनित इन दोनों स्काउट्स को शीघ्र ही राज्यपाल द्वारा राज्यपाल भवन में आयोजित एक विशेष समारोह में सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान स्काउट्स आंदोलन के सेवा, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति जैसे मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। इस उपलब्धि पर विद्यालय के डायरेक्टर अमरदीप सिंह एवं अपराजिता सिंह ने दोनों विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्काउट्स के माध्यम से बच्चों में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और आत्मनिर्भरता का विकास होता है।


