जमीन विवाद को लेकर दो पक्ष भिड़े, खेत में हुई मारपीट में 6 लोग हुए घायल

जमीन विवाद को लेकर दो पक्ष भिड़े, खेत में हुई मारपीट में 6 लोग हुए घायल

अलवर जिले में जमीनी विवाद को लेकर एक ही परिवार के दो पक्ष आमने-सामने हो गए। मामला जिले के मुंडावर थाना क्षेत्र के गांधीनगर गांव से सामने आया है, जहां शनिवार शाम जमीन के एक टुकड़े को लेकर परिवार के दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। इस संघर्ष में दोनों पक्षों के करीब 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों में महिलाएं भी शामिल हैं। विवाद की सूचना मिलते ही गांव में मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला। एक घायल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने का आरोप

घटना के पीछे की मुख्य वजह पैतृक जमीन पर कब्जे को लेकर बताई जा रही है। घायल रामशरण यादव ने बताया कि शनिवार को वह अपने खेत पर थे, तभी उनके ताऊ के परिवार से अमरेश और पप्पू जबरन ट्रैक्टर लेकर वहां पहुंच गए। आरोप है कि वे लोग रामशरण की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने की नीयत से ट्रैक्टर चलाकर खेत जोतने लगे। जब रामशरण और उनके परिवार ने इस मनमानी का विरोध किया, तो विवाद गाली-गलौज से शुरू होकर हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते अमरेश और पप्पू पक्ष के लोग लाठी-डंडे से दूसरे पक्ष पर हमला बोल दिया।

हमले कई लोगों को आई चोटें

इस हमले में कई लोग लहूलुहान हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। इधर, घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर देखा जा रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह परिवार के लोग खेत के बीचों-बीच एक-दूसरे की तरफ लाठी-डंडे लेकर दौड़ रहे हैं।

पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच

मुंडावर थाना पुलिस ने मामले को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की है। पुलिस ने एक्शन लेते हुए मौके से करीब 6 लोगों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। थाना पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से मिली शिकायतों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। घायलों के बयान दर्ज करने के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *