कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र के नमक फैक्ट्री के पास गुरुवार देर शाम घर के बाहर टहल रही एक महिला से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन लूट ली और फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मूल रूप से प्रतापगढ़ निवासी 55 वर्षीय सुशीला वर्तमान में चंडीगढ़ के सेक्टर-32 में रहती हैं। करीब एक माह पूर्व वह अपने पैतृक घर प्रतापगढ़ आई थीं। बुधवार को वह चंडीगढ़ लौटने के लिए घर से निकली थीं और लखनऊ से ट्रेन की सीट बुक कराई थी, लेकिन रास्ते में देरी के कारण ट्रेन छूट गई। इसके बाद वह रावतपुर स्थित नमक फैक्ट्री के पास रहने वाली अपनी छोटी बहन पुष्पा देवी के घर आ गईं। गुरुवार देर शाम वह बहन के घर के बाहर टहल रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके गले से चेन तोड़ ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद महिला ने शोर मचाया, जिस पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। परिजन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।


