औरैया में पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल:लाखों की लूट के आरोपी थे, सीएचसी में कराया गया भर्ती

    औरैया में पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल:लाखों की लूट के आरोपी थे, सीएचसी में कराया गया भर्ती

    औरैया में रविवार शाम पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों घायल बदमाशों को औरैया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि अजीतमल और औरैया कोतवाली पुलिस नहर पटरी पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक निकले। पुलिस ने उन्हें रोकने का इशारा किया तो वे बाइक भगाकर भागने लगे। पीछा करने पर आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। पन्हर नहर के पास पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी की। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। गोली लगने के बाद दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान तालग्राम, कन्नौज निवासी शनि पुत्र मलखान और मल्लावां, हरदोई निवासी शुभम पुत्र ओमप्रकाश के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से कारतूस और कुछ लूटा हुआ माल बरामद किया है। पुलिस का मानना है कि ये बदमाश कुछ दिन पहले औरैया कोतवाली के ब्रह्म नगर में हुई लाखों की लूट के मामले में शामिल हो सकते हैं। उस घटना में एक शिक्षक के घर से जेवर लूटे गए थे। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। एसपी अभिषेक भारती ने बताया कि बदमाशों से विस्तृत पूछताछ के बाद ही पूरे मामले का विवरण प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए साझा किया जाएगा। पूछताछ के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि ये बदमाश किन-किन मामलों में आरोपी हैं।

    ​ 

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *