धान की बोरियों के नीचे दबकर 2 मजदूरों की मौत:बरेली राइस मिल में बोरियों का ढेर गिरा, दोनों नीचे दब गए

धान की बोरियों के नीचे दबकर 2 मजदूरों की मौत:बरेली राइस मिल में बोरियों का ढेर गिरा, दोनों नीचे दब गए

बरेली के बहेड़ी स्थित देवरनिया थाना क्षेत्र की एक राइस मिल में रविवार को हुए हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई। धान की बोरियां निकालते समय बोरियों का ढेर गिरने से वे उसके नीचे दब गए थे। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान खिरनी गांव के रहने वाले सर्वेश और विनोद कुमार के रूप में हुई है। दोनों मुस्कान राइस मिल में धान की बोरियों को लगाने और निकालने का काम करते थे। जानकारी के अनुसार, रविवार को दोनों मजदूर मिल में बोरियां निकाल रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान राइस मिल मालिक ने उन्हें दूसरी जगह से बोरियां निकालने का निर्देश दिया। मजदूरों ने ऊपर से बोरियां हटाने की बात कही, लेकिन मिल मालिक ने कथित तौर पर उत्तेजित होकर नीचे से बोरियां निकालने को कहा। जैसे ही मजदूरों ने नीचे से बोरियां निकालीं, ऊपर रखा बोरियों का भारी ढेर अचानक गिर पड़ा। इस हादसे में सर्वेश और विनोद कुमार बोरियों के नीचे दब गए। घायल मजदूरों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक सर्वेश के भाई पप्पू की तहरीर पर देवरनिया थाने में राइस मिल मालिक के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज की गई है। देवरनिया के कोतवाली प्रभारी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर मिल मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *