सिद्धार्थनगर में दो ईरानी नागरिक हिरासत में:बॉर्डर पर पकड़े गए, एसएसबी ने की पूछताछ

सिद्धार्थनगर में दो ईरानी नागरिक हिरासत में:बॉर्डर पर पकड़े गए, एसएसबी ने की पूछताछ

भारत-नेपाल सीमा से सटे अलीगढ़वा बॉर्डर पर बुधवार देर शाम सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने नेपाल की ओर से आए दो ईरानी नागरिकों को हिरासत में ले लिया। उनसे देर शाम तक पूछताछ जारी रही। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों ईरानी नागरिक नेपाल के टूरिस्ट वीजा पर जिला कपिलवस्तु पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वे किसी काम से अलीगढ़वा बॉर्डर की ओर आए थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों विदेशी नागरिक डॉलर एक्सचेंज कराने के उद्देश्य से एक दुकानदार के पास गए थे। दुकानदार ने उन्हें बॉर्डर की दिशा में जाने का इशारा किया। जैसे ही वे बॉर्डर की ओर बढ़े, वहां तैनात एसएसबी के जवानों की नजर उन पर पड़ गई। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर जवानों ने उन्हें रोका और पूछताछ शुरू की। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर सीमा चौकी पर बैठाया गया। एसएसबी ने दोनों के दस्तावेजों की जांच की। प्रारंभिक जांच में उनके पास नेपाल का टूरिस्ट वीजा होने की पुष्टि हुई है। सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि वे बॉर्डर क्षेत्र में किस उद्देश्य से पहुंचे थे और उनका अगला गंतव्य क्या था। सूचना मिलने के बाद अन्य सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और विदेशी नागरिकों से पूछताछ की। देर शाम तक उनसे लगातार पूछताछ जारी रही, हालांकि इस मामले में किसी अधिकारी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। सीमा क्षेत्र में विदेशी नागरिकों की गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *