छतरपुर में होली के अवसर पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने जुए के दो अड्डों पर दबिश दी। मंगलवार शाम देरी रोड और सटई रोड क्षेत्रों में हुई इस कार्रवाई में जुआ खेलते हुए 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इन अड्डों से कुल 13,100 रुपए बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। सिविल लाइन थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि होली के मद्देनजर थाना क्षेत्र में लगातार गश्त और निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को देरी रोड और सटई रोड पर ताश के पत्तों पर दांव लगाकर जुआ खेलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआरियों को पकड़ लिया। नकदी और ताश की गड्डियां जब्त
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से नकदी और ताश की गड्डियां जब्त की हैं। जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। टीआई सतीश सिंह ने यह भी बताया कि त्योहारों के दौरान असामाजिक गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेलने, शराबखोरी करने या शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आम जनता से अपील की कि वे त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाएं तथा किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।


