साकेत स्थित 158 में ‘ऑल्वेज़ बाय अदिति ’ की दो दिवसीय फैशन प्रदर्शनी में समर कलेक्शन का आकर्षक प्रदर्शन किया जा रहा है। उद्घाटन के अवसर पर राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. हिमानी अग्रवाल ने कहा कि यह शो महिलाओं के लिए खास है, जहां उन्हें नवीनतम डिजाइनों के साथ सुरक्षित और सहज वातावरण भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि महिला आयोग की पहल के तहत यह सुनिश्चित किया गया है कि परिधानों का नाप केवल महिलाएं ही लें, ताकि लड़कियों और महिलाओं के साथ किसी प्रकार की असहज स्थिति न बने। उन्होंने सराहना करते हुए कहा कि अदिति स्वयं डिजाइनर हैं और खुद ही नाप लेती हैं। सिलाई का कार्य भले ही पुरुष कारीगर करें, लेकिन नाप लेने की जिम्मेदारी केवल महिलाओं के पास है। ‘ऑल्वेज़ बाय अदिति’ की डायरेक्टर अदिति ने बताया कि वह पिछले 10 वर्षों से इस व्यवसाय से जुड़ी हैं और कई सफल प्रदर्शनियां लगा चुकी हैं। इस बार उन्होंने खास समर कलेक्शन लॉन्च किया है, जिसमें ऑर्गेंजा फैब्रिक, बारीक एम्ब्रायडरी और चुनिंदा डिजाइनर पीस शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पूरा कलेक्शन भारतीय कारीगरी पर आधारित है और एम्ब्रायडरी में भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिलती है। उनके कारीगर भी उत्कृष्ट कार्य करते हैं, जिससे हर परिधान की गुणवत्ता और फिनिशिंग बेहतर रहती है। अदिति ने कहा कि मेरठ से उन्हें पिछले 10 वर्षों में बहुत अच्छा प्रतिसाद मिला है। उन्होंने बताया कि ग्राहकों का भरोसा इसलिए भी बना हुआ है क्योंकि वे हर मौसम के अनुसार नया कलेक्शन पेश करती हैं और उनकी डिजाइन व फिटिंग की गुणवत्ता बेहतर रहती है। प्रदर्शनी में फैशन प्रेमियों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिल रही है और समर कलेक्शन को खासा सराहा जा रहा है।


