डीग जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कुम्हेर थाना पुलिस ने दो साल से फरार चल रहे दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इन पर 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित था। ये बदमाश मारपीट, फायरिंग और लूट जैसी गंभीर वारदातों में शामिल थे। यह मामला पिछले साल अक्टूबर का है, जब कुम्हेर थाना क्षेत्र के चामुंडा मंदिर के पास फायरिंग और लूट की घटना हुई थी। पीड़ित देवराज सिंह के अनुसार, वह और उसका भाई सचिन बोरिंग पर बैठे थे। तभी सचिन उर्फ रावण, देवा और निशुल्क सहित लगभग 30 बदमाश 10 बाइकों पर सवार होकर आए। हथियारों से लैस इन बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की और देवराज के भाई गिरीश से एक फाइनेंस कंपनी के करीब 10 लाख रुपए नकद और एक लैपटॉप लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस इस मामले में लगातार दबिश दे रही थी। इससे पहले 6 नवंबर को देवा और निशुल्क, जबकि 19 फरवरी को मोनू और चंदरवीर को गिरफ्तार किया गया था। ताजा कार्रवाई में पुलिस ने 5-5 हजार रुपए के इनामी आरोपी नरेश कुमार (पुत्र पोखर सिंह) और उसके एक साथी को पकड़ा है। थानाधिकारी के नेतृत्व में गठित एक विशेष टीम ने इन बदमाशों को घेराबंदी कर पकड़ा। पुलिस ने इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि लूटी गई राशि और वारदात में शामिल अन्य फरार अपराधियों का पता लगाया जा सके।


