नारनौल में रोडवेज बस की टक्कर से दो गोवंश मरे:लोगों ने जताया विरोध, नांगल चौधरी रोड पर नई अनाज मंडी के पास की घटना

नारनौल में रोडवेज बस की टक्कर से दो गोवंश मरे:लोगों ने जताया विरोध, नांगल चौधरी रोड पर नई अनाज मंडी के पास की घटना

हरियाणा के नारनौल में शुक्रवार देर रात नांगल चौधरी रोड पर बनी नई अनाज मंडी क्षेत्र में एक हादसा हो गया। नई अनाज मंडी के पास तेज रफ्तार एक रोडवेज बस ने सड़क किनारे खड़े दो गोवंशों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गोवंशों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए और हादसे को लेकर रोष व्यक्त किया। देखते ही देखते काफी संख्या में लोग नई अनाज मंडी के पास जमा हो गए। इससे वहां पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति भी बन गई। ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की मांग मंडी के दुकानदार नितेश अग्रवाल ने बताया कि वह दुकान से घर जा रहा था। उसने देखा कि मंडी के गेट के सामने दो गोवंश खड़े थे। उसको एक रोडवेज बस ड्राइवर ने टक्कर मारी। जिससे एक गोवंश तो करीब 100 मीटर दूर जाकर गिरा। वहीं एडवोकेट हितेश ने बताया कि गोवंशों को इस प्रकार टक्कर मारकर फरार होना बेहद गैरजिम्मेदाराना कृत्य है और आरोपी ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। पुलिस ने समझाया सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने लोगों को समझाते हुए कहा कि वे थाने में शिकायत दें, ताकि नियमानुसार कार्रवाई की जा सके। इसके बाद प्रशासन की मदद से जेसीबी मशीन बुलाकर दोनों मृत गोवंशों को सड़क से हटाया गया, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु हो सकी। रात को दी मिट्‌टी सड़क से हटाने के बाद मौके पर मौजूद गोसेवकों ने धार्मिक रीति-रिवाज के अनुसार दोनों गोवंशों को मिट्टी दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और बस ड्राइवर की पहचान कर कार्रवाई करने की बात कही जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *