झज्जर के सिलानी गांव के पास हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। इन हादसों में दो बाइक सवार युवक—दीपक और नवीन—अज्ञात वाहनों की टक्कर का शिकार हो गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को झज्जर के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पीजीआई रोहतक में इलाज के दौरान दोनों युवकों ने दम तोड़ दिया। मृतकों में एक युवक झज्जर जिले का जबकि दूसरा रेवाड़ी का निवासी बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहनों की तलाश की जा रही है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम पीजीआई रोहतक में कराया जाएगा।


