सतना में नशीले कफ सिरप की तस्करी करते दो गिरफ्तार:120 शीशी जब्त, स्कूटी फिसलने से एक युवक घायल

सतना में नशीले कफ सिरप की तस्करी करते दो गिरफ्तार:120 शीशी जब्त, स्कूटी फिसलने से एक युवक घायल

सतना और रामपुर बाघेलान में पुलिस ने नशीले कफ-सिरप की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। दो अलग-अलग घटनाओं में कुल 140 शीशी नशीला सिरप जब्त किया गया और दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। सतना में एक आरोपी भागने की कोशिश में घायल हो गया। कोलगवां थाना पुलिस ने बुधवार रात मथुरा सिंह बस्ती में गल्ला मंडी रोड पर दबिश दी। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक स्कूटी सवार युवक को घेराबंदी कर पकड़ा। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा, लेकिन उसकी स्कूटी नाली में फंसकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे उसे चोटें आईं। युवक की पहचान दुर्गा नगर-नईबस्ती निवासी पुष्पेन्द्र उर्फ प्रांशू जायसवाल (24) के रूप में हुई। उसकी स्कूटी की डिग्गी और पायदान के पास रखी बोरी से 120 शीशी नशीला कफ-सिरप बरामद किया गया। पुलिस ने सिरप और स्कूटी जब्त कर आरोपी पुष्पेन्द्र के खिलाफ एनडीपीएस और ड्रग्स कंट्रोल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। घायल होने के कारण उसे पुलिस निगरानी में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब इस मामले में लिप्त उसके दो सहयोगियों की तलाश कर रही है। इसी तरह की एक अन्य कार्रवाई में, रामपुर बाघेलान पुलिस ने भी नशे के खिलाफ अभियान चलाया। टीआई संदीप चतुर्वेदी ने बताया कि बुधवार रात तिवनी गांव में दबिश देकर रिंकू उर्फ छोटू पुत्र कृष्णपाल सिंह (34) को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 20 शीशी नशीला सिरप बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 3900 रुपए है। रिंकू के खिलाफ भी एनडीपीएस और ड्रग्स कंट्रोल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पूछताछ के बाद गुरुवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *