Dipika Chikhlia Ramayana Teaser Reaction: जब से निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ का ऐलान हुआ है, तभी से इसकी तुलना टीवी के लोकप्रिय धारावाहिक ‘रामायण’ से की जा रही है। इस बीच सबसे खास प्रतिक्रिया उस कलाकार की सामने आई है, जिन्होंने छोटे पर्दे पर सीता का अमर किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाई थी। जी हां, हम बात कर रहे हैं अभिनेत्री दीपिका चिखलिया की, जिन्होंने हाल ही में फिल्म के टीज़र को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।
दीपिका चिखलिया ने दिया रिएक्शन (Dipika Chikhlia Ramayana Teaser Reaction)
दरअसल, 1980 के दशक में दूरदर्शन पर प्रसारित हुए ‘रामायण’ ने भारतीय दर्शकों के दिलों में गहरी छाप छोड़ी थी। उस शो में अरुण गोविल ने भगवान राम, अरविंद त्रिवेदी ने रावण, सुनील लहरी ने लक्ष्मण और दारा सिंह ने हनुमान का किरदार निभाया था। वहीं दीपिका चिखलिया की सीता की छवि आज भी दर्शकों के मन में बसी हुई है।
रिलीज हुआ रामायण का टीजर
हाल ही में रिलीज हुए ‘रामायण’ के टीजर में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में नजर आए हैं। उनके साथ साई पल्लवी सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। इस टीजर को देखने के बाद दीपिका चिखलिया ने कहा कि फिल्म का विजुअल स्केल बेहद शानदार नजर आ रहा है और इसे बड़े स्तर पर बहुत मेहनत के साथ तैयार किया गया है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अब उन्हें इस फिल्म के रिलीज होने का इंतजार है।
पहले निराश नजर आई थीं दीपिका
दिलचस्प बात यह है कि इससे पहले अभिनेत्री इस तरह की पौराणिक कहानियों के बार-बार नए संस्करण बनाए जाने को लेकर थोड़ी निराश नजर आई थीं। उनका मानना था कि बार-बार नई व्याख्याएं जोड़ने से मूल कथा की भावना प्रभावित हो सकती है। लेकिन टीजर देखने के बाद उनका नजरिया बदला हुआ दिखाई दिया है, जिससे फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है।
दीपिका चिखलिया ने क्या कहा?
इंडिया टुडे से बातचीत करते हुए एक्ट्रेस ने फिल्म के स्केल और प्रिजेंटेशन की तारीफ की। उन्होंने कहा- ‘मैंने टीजर देखा और ये बहुत ही भव्य होने वाला है। बहुत रिच लग रहा है। उन्होंने बहुत अच्छे से बनाया है। मैं अब बस फिल्म का इंतजार कर रही और ये बहुत ही सुंदर लग रही। इसमें कोई डाउट नहीं।’
ये फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक मानी जा रही है। निर्माता नमित मल्होत्रा के साथ इस प्रोजेक्ट से कई अंतरराष्ट्रीय तकनीकी विशेषज्ञ जुड़े हुए हैं। फिल्म के संगीत में हांस जिमर और एआर रहमान जैसे दिग्गज कलाकार अपना योगदान दे रहे हैं, जिससे दर्शकों की उम्मीदें और बढ़ गई हैं।
नितेश तिवारी का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट
निर्देशक नितेश तिवारी ने भी इस फिल्म को अपने करियर का सबसे खास प्रोजेक्ट बताया है। उनका कहना है कि इस फिल्म को बनाने में कई वर्षों की मेहनत लगी है और पूरी टीम ने इसे दिल से तैयार किया है। यही वजह है कि अब दर्शकों की प्रतिक्रिया उनके लिए बेहद मायने रखती है।
बताया जा रहा है कि रामायण का पहला भाग दिवाली 2026 पर रिलीज होगा, जबकि दूसरा भाग 2027 में सिनेमाघरों में आएगा। ऐसे में दर्शकों के बीच इस भव्य पौराणिक फिल्म को लेकर उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है


