गाली-गलौज पर उतरे ट्रंप, बोले- ‘अब अल्लाह से दुआ मांगो’, मंगलवार को ईरान में पॉवरप्लांट उड़ाने का कर दिया ऐलान

गाली-गलौज पर उतरे ट्रंप, बोले- ‘अब अल्लाह से दुआ मांगो’, मंगलवार को ईरान में पॉवरप्लांट उड़ाने का कर दिया ऐलान

Trump Iran Threat: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपने तीखे और विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर किए गए पोस्ट में ट्रंप ने ईरान को सीधे तौर पर चेतावनी दी है कि अगर होर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खोला गया, तो मंगलवार को बड़ा सैन्य एक्शन देखने को मिल सकता है।

ट्रंप ने अपने पोस्ट में कड़े और अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि ”मंगलवार को ईरान में पावर प्लांट डे और ब्रिज डे दोनों होंगे।” इस बयान को ईरान के अहम इंफ्रास्ट्रक्चर पर संभावित हमले के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने साफ कहा कि अगर ईरान उनकी बात नहीं मानता, तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

होर्मुज को लेकर बढ़ा दबाव

ट्रंप लगातार ईरान पर होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने का दबाव बना रहे हैं। यह समुद्री मार्ग वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में इस पर किसी भी तरह का संकट पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था को प्रभावित कर सकता है। ट्रंप ने अपने ताजा पोस्ट में भी इसी मुद्दे को केंद्र में रखते हुए सख्त चेतावनी दी।

अपशब्दों के साथ दी चेतावनी

अपने पोस्ट में ट्रंप ने ईरान के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया और यहां तक कह दिया कि ‘अगर नहीं माने तो नर्क में रहोगे।’ उन्होंने अंत में ‘अल्लाह की तारीफ करो!’ जैसे शब्द भी लिखे, जिससे उनका यह बयान और ज्यादा विवादित हो गया है।

Trump Iran Threat

F-15 रेस्क्यू मिशन का भी जिक्र

इसी बीच ट्रंप ने एक अन्य पोस्ट में ईरान में फंसे अमेरिकी F-15 लड़ाकू विमान के क्रू सदस्य को बचाने के मिशन की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि यह ऑपरेशन बेहद जोखिम भरा था और करीब सात घंटे तक चला। ट्रंप के मुताबिक, रेस्क्यू टीम ने दुश्मन इलाके में रहकर सफलतापूर्वक पायलट को सुरक्षित बाहर निकाला। उन्होंने इस मिशन को बहादुरी और कौशल का अभूतपूर्व उदाहरण बताया।

नेतन्याहू ने की तारीफ

ट्रंप के इस रुख का समर्थन इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी किया है। उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर ट्रंप की सराहना की और उनके नेतृत्व की तारीफ की।

मौजूदा हालात यह संकेत दे रहे हैं कि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में यह टकराव किस दिशा में जाएगा, इस पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *