छतरपुर जिले के गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपती को साइड से टक्कर मार दी। बाइक अनियंत्रित होकर डगमगाई और उस पर बैठी महिला सड़क पर गिर पड़ी। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, भारी ट्रक महिला के ऊपर से गुजर गया। हादसे में बाइक चला रहा युवक तो बाल-बाल बच गया, लेकिन पीछे बैठी उसकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। यह पूरी भयावह घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जो अब सामने आई है। बाइक से गिरते ही मौत ने दबोच लिया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की रफ्तार बहुत तेज थी। ट्रक के साइड से लगते ही बाइक असंतुलित हुई। महिला सड़क पर गिरी और कुछ ही सेकेंड में ट्रक का पहिया उसके ऊपर चढ़ गया। हादसा इतना वीभत्स था कि महिला के सीने और पेट की गंभीर क्षति हो गई। मौके पर मौजूद लोग कुछ कर पाते, उससे पहले ही सब खत्म हो चुका था। पति की आंखों के सामने उजड़ा सुहाग
मृतका की पहचान रामकुंवर कुशवाहा (40) पत्नी रज्जू कुशवाहा, निवासी ग्राम बदुआ, थाना गढ़ीमलहरा के रूप में हुई है। रामकुंवर किसी काम से गढ़ीमलहरा आई थीं और पति के साथ बाइक से गांव लौट रही थीं। किसी ने सोचा भी नहीं था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। CCTV फुटेज ने बयां किया दर्द
यह हादसा मंगलवार का है, लेकिन सीसीटीवी फुटेज बुधवार को सामने आया, जिसे देखकर हर किसी का दिल दहल गया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे महिला गिरती है और अगले ही पल ट्रक उसे रौंदते हुए निकल जाता है। घटना की सूचना मिलते ही गढ़ीमलहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और ट्रक चालक की तलाश व पूरे मामले की जांच की जा रही है।


