रविवार को दिल्ली के बुराड़ी निवासी एक परिवार लोनी में रिश्तेदारों से मिलकर बाइक से वापस दिल्ली लौट रहा था। मुलाकात के बाद माहौल खुशनुमा था, बच्चों की बातें और घर जल्दी पहुंचने की उम्मीद थी, लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। 34 वर्षीय पिंकी, उनके पति 37 वर्षीय ललित और दोनों बेटे 10 साल का आरव व 6 साल का नीरव बाइक पर सवार थे। शाम करीब 4:17 बजे जब वे गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र स्थित कोयल एन्क्लेव के पास पहुंचे, तो सड़क पर पड़े गड्ढे से बचने के लिए ललित ने बाइक की रफ्तार कम कर उसे थोड़ा बाईं ओर मोड़ा। इसी दौरान पीछे से आ रहे एलपीजी सिलेंडर से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों सड़क पर जा गिरे। आसपास के लोगों ने तुरंत सभी को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पिंकी, ललित और उनके बेटे आरव को मृत घोषित कर दिया। हादसे में छोटा बेटा नीरव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी टांग की हड्डी टूट गई है और वह अस्पताल में भर्ती है। मासूम नीरव को शायद अभी यह भी अहसास नहीं कि ठीक होकर घर लौटने पर मां, पिता और बड़े भाई हमेशा के लिए उससे दूर हो चुके होंगे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, ट्रक को कब्जे में लिया गया और चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसीपी अतुल कुमार ने बताया कि तीनों शवों का पोस्टमार्टम गाजियाबाद में कराया गया, जिसके बाद परिजन शवों को दिल्ली ले गए। यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि एक पूरे परिवार की खुशियों और भविष्य का दर्दनाक अंत बन गया।


