मथुरा के महावन थाना क्षेत्र में रविवार को एक सड़क हादसे में एक महिला की मृत्यु हो गई। इस घटना में महिला के पति और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका की पहचान मध्य प्रदेश के मुरैना जनपद के ग्राम लालोर निवासी कस्तूरी देवी के रूप में हुई है। वह अपने पति हरीसिंह और बेटे के साथ कार से एम्स अस्पताल दवा लेने जा रही थीं। यह हादसा रविवार को महावन थाना क्षेत्र के बलदेव-महावन रोड स्थित खप्परपुर पुलिस चौकी के पास हुआ। सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने लापरवाही से चलाते हुए कार में टक्कर मार दी, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने कस्तूरी देवी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल हरीसिंह और उनके बेटे की हालत नाजुक होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया है। मृतका के दामाद राजवीर, पुत्र पंचम सिंह निवासी ग्राम लालोर, थाना सिटी कोतवाली मुरैना, ने थाने में तहरीर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह हादसा ट्रक चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ। महावन थाना प्रभारी निरीक्षक चेतराम शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मृतका के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक अमित कुमार को सौंपी गई है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।


