उन्नाव के फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के हरदासपुर गांव में गुरुवार दोपहर एक 20 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक की पहचान नीरज के पुत्र अश्वनी कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह घरेलू कलह और मानसिक तनाव से परेशान था। यह घटना दोपहर करीब एक बजे हुई। जानकारी के अनुसार, अश्वनी ने अपने दो मंजिला मकान के मुख्य गेट पर रस्सी डालकर फांसी लगाई थी। परिजनों की नजर पड़ने पर उन्होंने तुरंत उसे नीचे उतारा और इलाज के लिए बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए। वहां चिकित्सक डॉ. अशोक वर्मा ने जांच के बाद अश्वनी को मृत घोषित कर दिया। पहले 2 तस्वीरें देखिए… मृतक के पिता नीरज ने बताया कि अश्वनी ने बीएससी की पढ़ाई पूरी कर ली थी, लेकिन वह परीक्षा नहीं दे पाया था। इसके बाद से वह मानसिक तनाव में रहने लगा था। पिता के अनुसार, पढ़ाई और भविष्य की चिंता के साथ-साथ घर में चल रही घरेलू कलह भी उसके तनाव का एक प्रमुख कारण थी। परिजनों ने यह भी बताया कि अश्वनी की मां का निधन उसके बचपन में ही हो गया था। वह दो भाइयों में बड़ा था और परिवार की जिम्मेदारियों को लेकर अक्सर चिंतित रहता था। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर फतेहपुर चौरासी थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है और परिजनों से भी पूछताछ की गई है।


