साइबर ठगी से परेशान युवक ने आत्महत्या का प्रयास किया:मेडिकल में भर्ती, FIR के बाद पुलिस पर दबाव बनाने का आरोप

साइबर ठगी से परेशान युवक ने आत्महत्या का प्रयास किया:मेडिकल में भर्ती, FIR के बाद पुलिस पर दबाव बनाने का आरोप

जालौन में कथित बिजनेस अकाउंट ठगी और साइबर धोखाधड़ी से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया है। गंभीर हालत में परिजनों ने युवक को उरई के राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। वही परिजनों का आरोप है कि FIR दर्ज करने के बाद पुलिस पीड़ित पर ही समझौते का दबाव न रही थी, जिस कारण उसने यह कदम उठाया। मामला कालपी कोतवाली क्षेत्र का बताया जा रहा है, जबकि पीड़ित मूल रूप से कस्बा कदौरा का निवासी है। बता दे कि कदौरा थाना कस्बा के मोहल्ला इस्लामाबाद निवासी फैजान अहमद पुत्र जमील अहमद जो पेशे से सब्जी व्यापारी है, उसने 6 फरवरी 2026 को साइबर क्राइम थाना उरई में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके परिचित व्यक्ति एहसान उर्फ अरशान अली ने उसे बिजनेस बढ़ाने के नाम पर संयुक्त बैंक खाता खुलवाने के लिए प्रेरित किया। आरोप है कि हमीरपुर स्थित एक्सिस बैंक में संयुक्त खाता खुलवाने के बाद खाते की नेट बैंकिंग चालू कराई गई और बाद में उसकी सिम भी ऑनलाइन लोन प्रक्रिया के बहाने अपने कब्जे में ले ली गई। पीड़ित का कहना है कि कुछ समय बाद उसे साइबर संबंधी ई-मेल और नोटिस मिलने लगे, जिससे खाते के गलत इस्तेमाल की आशंका हुई। आरोप है कि खाते में करोड़ों रुपये के लेनदेन के बाद रकम का गबन कर लिया गया। इस मामले में पीड़ित ने बीएनएस की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66-D के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में परिजनों का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी उसके बेटे फैजान पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था और कथित दलालों द्वारा मामला निपटाने के नाम पर पैसे मांगे जा रहे थे। अन्य राज्यों से नोटिस आने और बढ़ते मानसिक तनाव के चलते युवक ने कालपी क्षेत्र में अपने बहनोई के घर फांसी लगाकर जान देने का प्रयास कर लिया। सूचना पर परिजनों ने तुरंत उसे नीचे उतारकर गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज उरई में भर्ती कराया। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। साइबर थाना बैंक खाता, सिम और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की जांच कर रहा है तथा तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *