अमृतसर | स्थानीय विरसा विहार के सीनियर करतार सिंह दुग्गल ऑडिटोरियम में यूएन एंटरटेनमेंट सोसायटी द्वारा एक गरिमामयी धार्मिक नाटक ‘सच दे पंधी’ का मंचन किया गया। प्रो. जेएस बावा द्वारा लिखित और विख्यात निर्देशक हरिंदर सोहल द्वारा निर्देशित यह नाटक पीर बुधु शाह जी के जीवन और श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रति उनकी अटूट श्रद्धा एवं भक्ति को समर्पित रहा। नाटक के दौरान कलाकारों ने पीर बुधु शाह जी की शहादत और गुरु साहिब के प्रति उनके समर्पण को इतनी जीवंतता से पेश किया कि दर्शक भावविभोर हो उठे। मुख्य भूमिकाओं में हरिंदर सोहल, गुरदित्तपाल सिंह, विपन धवन और सतनाम बिजलीवाल सहित अन्य कलाकारों ने दमदार अभिनय किया। इस विशेष अवसर पर शिरोमणि बाल साहित्य पुरस्कार विजेता कुलबीर सूरी, परमजीत सिंह गांधीविंड और प्रिंसिपल हरप्रीत कौर सहित शिक्षा व साहित्य जगत की कई प्रमुख हस्तियां और विद्यार्थी मौजूद रहे। सभी ने नाटक के माध्यम से दी गई सांप्रदायिक सद्भाव और त्याग की सीख की सराहना की।


